मंडलायुक्त कार्यालय सभागार में महिलाओं की समस्याएं सुनतीं अपर आयुक्त मीनू राणा। स्रोत: सूचना वि
गोंडा। मिशन शक्ति अभियान के तहत सोमवार मंडलायुक्त कार्यालय सभागार में मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम हुआ। इसमें 26 महिलाओं की समस्याओं की सुनवाई की गई।
कार्यक्रम मंडलायुक्त शशि भूषण लाल सुशील के निर्देशन में संपन्न हुआ। जनसुनवाई की अध्यक्षता अपर आयुक्त (न्यायिक) मीनू राणा और उपायुक्त (खाद्य) विजय प्रभा ने संयुक्त रूप से की। जनसुनवाई में सुनीता देवी ने बताया कि उसके दोनों नाबालिग पुत्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, बावजूद इसके उसे बाल सेवा योजना का लाभ एक वर्ष से नहीं मिल रहा है। उसने अधिकारियों से योजना का लाभ दिलाए जाने की मांग की। इस मामले में प्रोबेशन अधिकारी को प्रकरण में कार्रवाई करने के लिए कहा गया।
थाना कटरा की आयशा ने शिकायत दर्ज कराई। कहा कि दबंगों ने उनकी भूमि पर कब्जा कर लिया है। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। एक अन्य महिला ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद वह वरासत दर्ज कराने के लिए लेखपाल और अधिकारियों के चक्कर लगा रही है, लेकिन लेखपाल द्वारा धन की मांग की जा रही है। उसने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जनसुनवाई के दौरान ज्यादातर शिकायतें भूमि विवाद, कब्जा दिलाए जाने और योजनाओं के लाभ से संबंधित रहीं। अधिकारियों ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि सभी मामलों का निष्पक्ष निस्तारण कर शीघ्र राहत दिलाई जाएगी।