बैठक में जुटे जिला पंचायत सदस्य
- फोटो : अमर उजाला
जिला पंचायत की बैठक में सोमवार को वित्तीय वर्ष 2016-17 के लिए 26.80 करोड़ रुपये के बजट से विकास कार्यों का खाका तैयार किया गया। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान एक्सईएन बिजली, सीएमओ, डीपीआरओ सहित कई अफसरों को फटकार मिली। चेतावनी दी गई कि सुधर जाए, नहीं तो प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित जिला पंचायत सामान्य बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें 26.80 करोड़ की राशि की कार्ययोजना का बजट प्राप्ति सहित कई प्रस्तावों का ध्वनि मत से अनुमोदन प्राप्त हुआ।
ठक में प्रदेश के कृषि मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह, डीएम आशुतोष निंरजन, सीडीओ जयन्त कुमार दीक्षित व अपर मुख्य अधिकारी आरपी यादव की उपस्थिति में जिला पंचायत सदस्यों व ब्लॉक प्रमुखों ने वित्तीय वर्ष 2016-17 के लिए विभिन्न प्रस्तावों को ध्वनिमत से मंजूरी दी।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जनपद गोंडा में फोर लेन सड़क सहित लगभग 15 करोड़ रुपये की धनराशि सड़कों का जाल बिछाने के लिए स्वीकृत की गई है। विद्युतीकरण की बेहद धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मंत्री ने एक्सईएन विद्युत को फटकार लगाई।
स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान जिला पंचायत सदस्यों एवं ब्लॉक प्रमुखता द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं में लापरवाही बरतने एवं पीएचसी पर डॉक्टरों की तैनाती न होने के कारण स्वास्थ्य सेवाएं न मिलने की शिकायत की गई।
इस पर कृषि मंत्री ने तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर डॉक्टरों की तैनाती कर एक सप्ताह में अवगत कराने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान डीएम आशुतोष निंरजन, पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह, सीडीओ जयन्त कुमार दीक्षित, पूर्व राज्यमंत्री राम बहाुदर सिंह, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत आरपी यादव आदि उपस्थित रहे।