कल बंद रहेगी ग्रामीण इलाकों की बिजली
- रविवार को 3 घंटे नहीं रहेगी चार जिलों की बिजली
- शहर में बस्ती लाइन से सप्लाई
गोंडा। फैजाबाद के (सोहावल) बिजली कंट्रोलरूम से लिए गए तीन घंटे शटडाउन के चलते रविवार को दिन में 11 बजे से 2 बजे के बीच मंडल के सभी चार जिलों की बिजली गुल रहेगी। हालांकि इस कटौती में जिला मुख्यालय शामिल नहीं रहेंगे। लेकिन चारों जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा तहसीलों की बिजली तीन घंटे तक जरूर कटी रहेगी।
पारेषण खंड विभाग के एक्सईएन सीपी पांडेय के मुताबिक रविवार को सोहावल बिजली कंट्रोलरूम की ओर से तीन घंटे का शटडाउन पनकी कंट्रोल से ले रखा गया है। इस दौरान सोहावल में बिजली घर की लाइनों का अनुरक्षण कार्य होना है। जिसके चलते मंडल के चारों जिलों की बिजली रविवार के दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नहीं रहेगी। हालांकि इस तीन घंटे वह सभी चारों जिलों के मुख्यालयों को बस्ती 220 केवी कंट्रोलरूम से बिजली की सप्लाई देते रहेंगे। लेकिन मंडल के चारों जिलों के सभी ग्रामीण इलाकों व तहसीलों की सप्लाई पूरी तरह से बंद रहेगी।