जमीन विवाद में चटकी लाठियां, दस घायल
दोनों पक्षों की तहरीर पर दर्ज हुई रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
बभनान। छपिया थाना क्षेत्र के बभनी खास गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों ने जमकर एक दूसरे पर लाठियां बरसाईं। इस मारपीट में दस लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें एक की हालत गंभीर है।
छपिया थाना क्षेत्र के बभनीखास गांव के रहने वाले भागीरथी व किशुनदेव के बीच पिछले काफी समय से जमीन का विवाद चल रहा है। मंगलवार की सुबह इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद दोनों तरफ से लाठियां निकल आईं और जमकर मारपीट हुई। इस मारपीट में किशन देव, जानकी देवी, गंगाराम, प्रदीप कुमार, अरविंद कुमार व वर्षा को चोटें आईं। वहीं दूसरे पक्ष के भागीरथी, कपूरा देवी, बुद्धिसागर व कमलेश घायल हो गए। मारपीट की सूचना पर पहुंची छपिया पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मसकनवां पहुंचाया। यहां के डाक्टरों ने किशनदेव 60 वर्ष की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दोनाें पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ छपिया थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष छपिया हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि एक पक्ष के भागीरथी व दूसरे पक्ष के किशुनदेव की तहरीर पर मारपीट रिपोर्ट दर्ज की गई है।