नवाबगंज। नवाबगंज गिर्द गांव के अगमपुर गड़रियन पुरवा में बृहस्पतिवार शाम 06:30 बजे बिजली के खंभे के स्टेवायर में उतरे करंट की चपेट में आने से छप्पर में बंधी 21 भेड़ों की मौत हो गई। पशुपालक तेजई पाल ने बताया कि पशुपालन के लिए बनाए गए बाड़े के पास बिजली का खंभा लगा है। इसी खंभे से होकर एचटी लाइन गुजरी है। बृहस्पतिवार शाम शॉर्ट सर्किट से खंभे के स्टेवायर में करंट उतर गया, जिसकी चपेट में आने से छप्पर में बंधी 21 भेड़ों की मौत हो गई।
पशुपालक के बेटे रमेश पाल ने बताया कि तीन अगस्त 2022 को इसी खंभे में करंट उतरने से 30 भेड़ों की मौत हो गई थी। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मनकापुर विधायक प्रतिनिधि वेदप्रकाश दूबे मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित पशुपालक को यथासंभव मदद का आश्वासन दिया। गांव निवासी डॉ. संजय दूबे ने बताया कि घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि जांच कराई जा रही है।