तरबगंज (गोंडा)। तरबगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए विधायक ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। इसमें से कुछ कैंसर तो कुछ किडनी, लिवर, ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं।
ऐसे 21 लोगों को विधायक प्रेमनरायन पांडेय ने 43 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि उपलब्ध कराई है। बीमारी की स्थिति के अनुसार किसी को 75 हजार तो किसी को पांच लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
विकासखंड के सिंगहाचंदा निवासी श्रीराम (40) कैंसर बीमारी से ग्रस्त थे। जिन्हें 155000 रुपये की सहायता राशि दी गई। भैरमपुर निवासी लल्लू (40) को किडनी की बीमारी थी। जिन्हें पांच लाख की मदद दिलाई है। इसके साथ ही कटहा तरबगंज निवासी रामदेवी को दो लाख व दिनेश चौहान को 2.50 लाख की सहायता राशि उपलब्ध हुई। रामदेवी को कैंसर की बीमारी है तो दिनेश चौहान के लिवर में बीमारी है। जिनका इलाज लखनऊ में चल रहा है। घांचा बीकापुर के निश्चल पुरवा निवासी विद्यावती (56) को ब्रेन ट्यूमर है जिन्हें इलाज के लिए डेढ़ लाख की आर्थिक सहायता मुहैया कराई गई है।
इनके अलावा जयसिंह, बजरंगी प्रसाद, देव नरायन यादव, मूलचंद, अनीता, अजीत गुप्ता, विदुर, भरत लाल, अनिल कुमार सिंह, शिव कुमारी, बिट्टू, असगर अली, आकाश तिवारी, नंदनी, अमन मिश्रा, क्षितिज तिवारी को भी सहायता राशि मुहैया कराई गई है।
पैसों के अभाव में न रहे कोई वंचित
पैसों के अभाव में कोई मरीज इलाज से वंचित न रहे, इसके लिए सरकार की विभिन्न योजनाएं संचालित हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत जिन गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों का इलाज संभव नहीं हो पाता है उन्हें अन्य माध्यम से तत्काल सहायता राशि मुहैया कराने के लिए प्रदेश सरकार कई योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से क्षेत्र के 21 लोगों को अगस्त माह में मदद मुहैया कराई गई है।
- प्रेमनरायन पांडेय, विधायक तरबगंज