फंदे से लटकता मिला विवाहिता व किशोर का शव
मुजेहना। धानेपुर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में रविवार की रात में एक विवाहिता व एक 15 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह विवाहिता का शव किचन में तो किशोर का शव उसके घर के बाहर लगे अमरूद के पेड़ से लटकता मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के विशंभरपुर गांव के रहने वाले दिनेश कुमार की पत्नी रेनू(30) का शव सोमवार सुबह किचन में लटकता मिला। दिनेश कुमार के मुताबिक रविवार की रात परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद सोए थे।
सुबह जब वह उठा तो पत्नी रेनू नहीं दिखाई पड़ी। कुछ देर बाद परिवार के लोगों ने रेनू की तलाश शुरु की तो किचन का दरवाजा भीतर से बंद मिला। शंका होने पर इसकी सूचना पुलिस की दी गई। मौके पर पहुंचे डायल 100 के पुलिसकर्मियों ने किचन का दरवाजा तोड़ा तो भीतर छत पर लगे लोहे की रॉड से दुपट्टे के सहारे रेनू का शव लटक रहा था।
पुलिसकर्मियों ने शव को नीचे उतारा और पंचनामा कराने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस संबंध में रेनू के पति दिनेश ने पुलिस को लिखित सूचना दी है। दूसरी घटना इसी थाना क्षेत्र के दत्तनगर गांव के मजरे सीरपुरवा में घटी।
सीरपुरवा के रहने वाले बेचन के 15 वर्षीय बेटे हनुमान का शव सोमवार की सुबह उसके घर के बाहर लगे अमरूद के पेड़ पर साड़ी के फंदे के सहारे लटकता मिला। बेचन ने बताया कि रात में बेटा घर पर ही सोया था।
सुबह जब घर के लोग सोकर उठे तो हनुमान नजर नहीं आया। उसकी तलाश शुरु की गई तो घर से थोड़ी दूर पर लगे अमरूद के पेड़ से उसका शव लटकता दिखाई पड़ा। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने शव को नीचे उतारा। थानाध्यक्ष मनीष पांडेय ने बताया कि दोनो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। किसी भी घटना की तहरीर नहीं मिली है।