चुनाव ड्यूटी से लापता 12 शिक्षक निलंबित
गोंडा। नगर निकाय चुनाव में ड्यूटी न करने वाले दर्जन भर शिक्षकों पर जिला प्रशासन की गाज गिरी है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने ड्यूटी से नदारद रहने वाले शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सीडीओ ने सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
नगर निकाय चुनाव में बेसिक शिक्षा विभाग के अध्यापकों को बड़े पैमाने पर पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारी के रूप में लगाया गया है। इनमें से कुछ शिक्षक चुनाव डयूटी करने से कतरा रहे थे।
ड्यूटी न करनी पड़े इसके लिए तरह तरह के बहाने भी बनाए जा रहे थे। ड्यूटी कटवाने को लेकर सिफारिशों का दौर भी चला जिसमें कुछ शिक्षक अपनी ड्यूटी कटवाने में सफल रहे तो कुछ को निराशा हाथ लगी। जिला प्रशासन ने ड्यूटी से भागने वाले शिक्षकों को पहले ही आगाह किया था और हर हाल में डयूटी करने की चेतावनी दी थी।
बावजूद इसके मंगलवार को दर्जन भर शिक्षक ड्यूटी से नदारद रहे। इनकी गैरहाजिरी से प्रशासन को रिजर्व ड्यूटी वले कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाना पड़ा। साथ ही पोेलिंग पार्टियों की रवानगी में भी देरी हुई। चुनाव ड्यूटी से गैरहाजिर रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कडा़ तेवर अख्तियार किया है।
मंगलवार को ड्यूटी से गैरहाजिर रहने वाले 12 शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित होने वालों में 10 महिला शिक्षिकाएं शामिल हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार देव पांडेय ने बताया कि ड्यूटी से गैरहाजिर रहने पर नगर क्षेत्र के शिक्षक धर्मेंद्र कुमार, करनैलगंज की नमिता तिवारी व दीपमाला मौर्या, कटरा बाजार की अमिता सिंह, बभनजोत की सुनीता देवी व सबा फातिमा, वजीरगंज की सारिका, पंडरी कृपाल की यासमीन फातिमा, व नवाबगंज की उपमा वर्मा,नीतू सिंह व स्वदेश तिवारी शामिल हैं। सीडीओ दिव्या मित्तल ने निलंबित किए गए शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराए जाने के निर्देश दिए हैं।