देश बनाओ देश बचाओ रैली में गरजे सपाई
कानून व्यवस्था की बदहाली समेत अन्य मुद्दों पर सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
गोंडा। क्रांति दिवस के दिन समाजवादी पार्टी की तरफ से आयोजित की गई देश बचाओ देश बनाओ रैली में बुधवार को सपाई जमकर गरजे। कानून व्यवस्था के मुद्दे पर पूर्व मंत्री ने प्रदेश की सरकार पर हमला बोला और सरकार पर विफलता का आरोप लगाया। पूर्व मंत्री ने कहा कि जनता को अच्छे दिनों का सब्जबाग दिखाकर भाजपा ने लोगों के साथ जो धोखा किया है आने वाले 2019 के लोकसभा चुनाव में जनता इसका बदला जरूर लेगी।
सपा नेतृत्व के आवाहन पर बुधवार को समाजवादी पार्टी ने देश बचाओ देश बनाओ रैली का आयोजन किया। पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार में चारों तरफ अव्यवस्था का बोलबाला है। अवैध खनन, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, खाद्यान घटतौली, असुरक्षा, गड्ढामुक्त सड़कें पुलिस उत्पीडन, छुट्टा जानवरों समेत अन्य समस्याओं से जनता पस्त है। कानून व्यवस्था पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। चारों तरफ लूट, हत्या व बलात्कार जैसी घटनाओं की बाढ़ सी आई हुई है। पांच महीने में ही जनता इस सरकार से ऊब चुकी है। पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह ने कहाकि समाजवादी पार्टी ने संघर्ष किया है और संघर्षों के बाद ही पार्टी का पुर्नजन्म होगा। कार्यवाहक जिलाध्यक्ष सूरज सिंह ने कार्यकर्ताओं के मान सम्मान की लड़ाई लडने का भरोसा दिलाया। कार्यकर्ताओं को एमएलसी रणविजय सिंह, पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे, नंदिता शुक्ला, कमरुद्दीन व शमीम अच्छन ने भी संबोधित किया। सपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री पंडित सिंह के नेतृत्व में पैदल मार्च कर सरकार की नीतियों का विरोध किया और 11 सूत्रीय मांग पत्र सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। इस मौके पर गनेश श्रीवास्तव, राम सबूरे मिश्रा, पं श्रीकांत द्विवेदी, बब्बू सिंह विसेन समेत अन्य मौजूद रहे।