जीएसटी के कारण कपड़ा बाजार ठंडा
कारोबारियों को धनतेरस पर कारोबार में तेजी की उम्मीद
अमर उजाला ब्यूरो
गोंडा। दीपावली पर इस बार जीएसटी के आंशिक ग्रहण से अभी तक कपड़ा बाजार ठिठका हुआ है। दीपावली में अभी चार-पांच दिन बचे हैं लेकिन अभी बाजार में दीपावली जैसी रौनक नही आयी है। बाजार में खरीदारी तो हो रही है लेकिन कारोबारी जिस तरह से बिक्री चाहते हैं वह अभी शुरू नही हो सकी है। फिलहाल कपड़ा कारोबारी धनतेरस पर कारोबार में तेजी की उम्मीद लगाए हैं।
दीपावली पर जिले में करीब 15 करोड़ रुपये का कारोबार माना जाता है। दीपावली पर नये कपड़े पहन कर घर में रोशनी करने के साथ धन की देवी लक्ष्मी व गणेश भगवान की पूजा करना शुभ माना जाता है। ऐसे में लोग दीपावली में नये कपड़े पहनते हैं। दीपावली में घर में नये कपड़े आदि लाने की परम्परा भी है। लेकिन इस बार जीएसटी यानी वस्तु एंव सेवा कर के नये स्लैब में भी में बदलाव आने से कपड़े की कीमतों पर असर पड़ा है नतीजन कपड़े मंहगे हुए हैं। बाजार व कारोबार से जुड़े सूत्रों की माने तो नोट बंदी के बाद से बाजार पर मंदी जैसा असर पड़ा है। इसका असर दीपावली जैसे पर्व पर भी साफ दिखाई पड़ रहा है। शनिवार को नगर के मोहल्ला बाजाजा बाजार के एक कपड़ा व्यापारी के यहां कुछ ग्राहंक कपड़ा खरीदते दिखे। जबकि उसी के सामने कई अन्य दुकानों पर सन्नाटा दिखाई पड़ा। इसी तरह से दूसरे कपड़े की दुकान पर मात्र दो महिलाएं खरीदारी करने आयी थी लेकिन दुकानों पर दीपावली की खरीदारी जैसा माहौल नही दिखा। फिलहाल दुकानदार धनतेरस तक कपड़ों की बिक्री में तेजी आने की उम्मीद लगाए हैं। वही इस बावत वाणिज्य विभाग के डिप्टी कमिश्नर राजेश कुमार टण्डन का कहना है कि जीएसटी के नये स्लैब से मार्केट पर असर पड़ा है अब गारमेण्ट्स कपड़ों की तरह थान के कपड़े पर भी पांच प्रतिशत जीएसटी लगाया गया है। इससे कीमतों पर आंशिक असर पड़ा है।
इनसेट
इस दीवाली में वेस्टर्न गाउन व चन्देरी कुर्ती की धूम
गोंडा। दीपावली को लेकर कपड़ा बाजार तैयार हैं इस बार काटन,सिल्क व बनारसी साडिय़ों के साथ लोगों को वेस्टर्न गाउन व चन्देरी कुर्ती लुभाएगी। बाजार में इस बार वेस्टर्न लांग व शार्ट गाउन के अलावा चन्देरी कुर्ती धूम है। दुकानदारों ने ऐसे वस्त्रों का विशाल संग्रह किया है। नगर के लक्ष्मी गारमेण्ट्स के मालिक शैलेन्द्र गुप्ता ने बताया कि महिलाओं व बच्चों के अलावा जेण्ट्स सूट का विशाल संग्रह है। कारोबारी मोहित कौशल का कहना है कुर्ता पैजामा व अन्य वस्त्रों का नया संग्रह मौजूद है।
इनसेट
बोले व्यापारी: धनतेरस तक जोर पकड़ेगी बिक्री
गोंडा। दीपावली पर इस बार अभी तक कपड़ा बाजार के ठण्ढा रहने पर शहर के प्रसिद्ध कपड़ा कारोबारी शैलेन्द्र कुमार गुप्ता का कहना है कि जीएसटी का बाजार पर आंशिक असर है। धनतेरस करीब आते ही बाजार अपने शवाब पर पहुंच जाएगा। इसी तरह से बाजाजा बाजार के कपड़ा व्यापारी मोहित कौशल का कहना है कि बाजार में ग्राहक आने लगे हैं। धनतेरस करीब आते ही बाजार में रौनक आ जाएगी। दीपावली पर अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।