कटरा बाजार के उर्दी गोंडा गांव में आग से जली गेहूं की फसल। -संवाद
गोंडा। जिले के नवाबगंज गिर्द, कटरा बाजार के उर्दी गोंडा, तरबगंज के सेझिया और परसपुर के सूर्यबली पुरवा में आग लगने से गृहस्थी के सामान, गेहूं की फसल समेत लाखों का सामान जल गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, कटरा बाजार के उर्दी गोंडा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से मो. हसन, जयबुला, प्राणनाथ, भगौती, शहजादी और जहरूला समेत आठ किसानों की गेहूं की फसल जल गई। ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान गांव के नाजिर का पुत्र तकदीर अली (16) झुलस गया। उसे कटरा बाजार सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
नवाबगंज गिर्द गांव निवासी राम जनक यादव और शिवपूजन ने बताया कि घूसे तिवारी पुरवा में उनका खेत है। शुक्रवार सुबह 10:30 बजे गेहूं की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान शॉर्ट-सर्किट से खेत में आग लग गई। दोनों किसानों का करीब 10 बीघा गेहूं जलकर राख हो गया।
तरबगंज के सेझिया निषाद बस्ती पंडित पुरवा निवासी त्रिलोकीनाथ और लक्ष्मी नारायण के छप्पर में आग लग गई। इस दौरान गृहस्थी का सामान जल गया। वहीं, परसपुर के पुरैना सूर्यबली पुरवा निवासी लल्लन यादव के गेहूं के खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। हल्का लेखपाल दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि सूचना के बाद मौके का जायजा लिया गया है। एक बीघा गेहूं जला है।