सपा मुखिया ने बालक के परिजनों को दिए ढाई लाख
करनैलगंज(गोंडा)। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री की गाड़ी से कुचल कर बच्चे की मौत पर पीड़ित परिवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ढाई लाख रुपये की सहायता दी है। यह धनराशि सोमवार को पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह ने बच्चे के परिवार को दिया।
शनिवार की शाम को मंत्री ओम प्रकाश राजभर के काफिले में चल रही गाड़ी से कुचल कर ग्राम गोनईं गोंसाई पुरवा निवासी विश्वनाथ गोस्वामी के मासूम बच्चे की मौत हो गई थी। जिस पर ग्रामीणों ने जमकर बवाल काटा था।
रविवार को मामले में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने मृतक बच्चे के परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता देने का ऐलान किया। वहीं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी पीड़ित परिवार को ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा करते हुए पूर्व मंत्री पंडित सिंह के माध्यम से पीड़ित परिवार को पहुंचाया।
इस मौके पर पूर्व मंत्री ने कहा कि जब एक मंत्री के वाहन से बच्चे को चोट लगी और वह तड़प रहा था तो उनका मौके से भाग जाना ही साबित करता है कि प्रदेश की भाजपा सरकार महज लोगों का उत्पीड़न करती है। यदि पुलिस मंत्री के वाहन को पकड़कर कार्रवाई नहीं करती है तो इसके लिए आंदोलन किया जायेगा। इस मौके पर पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे, फहीम अहमद पप्पू सहित तमाम लोग मौजूद रहे।