पूर्वांचल में भाजपा को खाता नहीं खोलने देंगे : ओम प्रकाश
गोंडा। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने रविवार को मोदी और योगी सरकार पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि अब सिर्फ जुमलेबाजी से काम नहीं चलेगा।
अमित शाह ने अपने वादे पूरे नहीं किए तो पूर्वांचल में भाजपा को खाता नहीं खोलने देंगे। कहा कि योगी सरकार में जाति देखकर मुआवजा बांटा जा रहा है।
टिकरी जंगल स्थित रुदापुर सम्मय माता स्थान परिसर में रविवार को सुहेल देव भारतीय समाज पार्टी की जनसभा का आयोजन हुआ। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि वह गरीब, पिछड़ा, मजबूर आदि लोगों को हक और न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।
कहा कि 9 अक्टूबर को होने वाली कैबिनेट की बैठक में पिछड़ा, अति पिछड़ा और सर्बाधिक पिछड़ा के लिए आरक्षण दिलाने की बात करेंगे। सभा में उन्होंने मोदी सरकार को भी निशाने पर लिया।
कहा कि जुमलेबाजी हमसे नहीं चलेगी। अमित शाह ने जो चुनावी वादे किए थे अगर वो पूरे न हुए तो पूर्वांचल में भाजपा का खाता नहीं खोलने देंगे।
राजभर ने पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अभी पिछले दिनों एक ईंट भट्ठे पर इमलीहवा गांव के रहने वाले नान्हू राजभर की ठाकुरों द्वारा पीट पीट कर हत्या के मामले में कोतवाल ने रिश्वत लेकर मुख्य आरोपी कमलेश सिंह को गिरफ्तार नहीं किया है।
इसकी शिकायत मुख्यमंत्री व डीजीपी से करेंगे तथा मृतक के परिवार वालों को मुआवजा दिलाएंगे। 18 अक्टूबर को हजारों कार्यकर्ताओं के साथ मनकापुर कोतवाली का घेराव कर धरने पर बैठेंगे।
राजभर ने योगी सरकार पर भी आरोप लगाया कि अब इस सरकार में भी जाति के आधार पर मुआवजा देती है, अगर पंडित जाति का मरता है तो 30 लाख, ठाकुर है तो 25 लाख, यादव है तो 15 लाख तक मुआवजा दिया जाता है।
वहीं दलित, चौहान, गड़रिया राजभर, वैश्य या अन्य जाति के हैं तो सरकार के खजाने में पैसा ही नहीं रहता है। कार्यक्रम का संचालन ओपी राजभर ने किया।