गोंडा के राजकीय आईटीआई सुसुंडा में आयोजित रोजगार मेले में पंजीकरण कराते युवा। - संवाद
पसका/गोंडा। सुसुंडा में स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में शनिवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान 236 प्रतिभागियों ने हिस्सेदारी की। साक्षरता के आधार पर इनमें से 162 युवक व युवतियों का चयन रोजगार के लिए किया गया। ऑफर लेटर हाथ में आने पर चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे। चयनित प्रतिभागियों को लखनऊ, कानपुर, नोएडा के साथ ही गोंडा, बहराइच आदि जिलों में नौकरी के लिए ऑफर दिया गया है।
रोजगार मेले का शुभारंभ नगर पंचायत परसपुर अध्यक्ष वासुदेव सिंह ने किया। सिसका इलेक्ट्रिकल एंड मैनेजमेंट एंटरप्राइजेज, स्टार ग्रुप ऑफ मैनपावर सर्विसेज, एशियन इलेक्ट्रॉनिक्स, पुखराज हेल्थकेयर और ठाकुर पब्लिकेशन आदि कंपनियों के प्रतिनिधियों ने इसमें प्रतिभाग किया। सहायक जिला सेवायोजन अधिकारी गुलाब मौर्य ने बताया कि रोजगार मेले में कुल 236 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें से 162 युवाओं का चयन किया गया।
इन युवाओं को तीन महीने प्रशिक्षण के दौरान 10,500 रुपये मानदेय मिलेगा। इसके बाद इन्हें 16,500 रुपये प्रतिमाह मानदेय का भुगतान होगा। प्रतिभागियों का चयन कार्यालय सहायक से लेकर मार्केटिंग मैनेजर के पदों पर किया गया है। रोजगार मेला में प्रधानाचार्य प्रभुनाथ मिश्र, कर्मवीर सिंह, रतन, अमनदीप, शुभम दीक्षित, अनुज मिश्र, रामेंद्र, आशुतोष श्रीवास्तव, हरीश कुमार श्रीवास्तव, रवि कुमार श्रीवास्तव, अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।