स्नान करने आए युवक की डूबने से मौत
करनैलगंज गोंडा। करनैलगंज के सरयू नदी के तट पर शनिवार को कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान के लिए आए एक युवक का पैर स्नान करते समय फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में चला गया।
नदी के घाट पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कटरा बाजार थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव का रहने वाला सहजराम (45) शनिवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर करनैलगंज स्थित सरयू नदी में स्नान के लिए गया था। स्नान करते समय नदी में उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
उसे डूबता देख नहाने वाले अन्य लोगों ने उसे निकालने का प्रयास किया मगर सफलता नहीं मिली। लोगों के शोर को सुनकर घाट पर मौजूद कोतवाल सदानन्द सिंह एंव अन्य पुलिस कर्मियों ने घाट पर मौजूद तैराकों की मदद से उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे की सूचना पर सीओ कृष्णचन्द्र सिंह व तहसीलदार रामनरायन वर्मा भी अस्पताल पहुंचे। सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।