बुजुर्ग की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने जाम की रोड
कोतवाल के आश्वासन पर शांत हुए ग्रामीण
अमर उजाला ब्यूरो
बेलसर गोंडा। गोंडा-तरबगंज मार्ग पर माधवपुर गांव के समीप शुक्रवार की सुबह अपने नाती को स्कूल छोड़कर वापस लौट रहे एक बुजुर्ग को मिनी बस ने टक्कर मार दी। इसी बीच पीेछे आ रहे ट्रैक्टर ने उसे कुचल डाला। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। बुजुर्ग की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने गोंडा-तरबगंज मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे कोतवाल देहात ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर जाम समाप्त हो सका।
कोतवाली देहात क्षेत्र के दामोदर पुरवा के रहने वाले राज बहादुर (58) शुक्रवार की सुबह अपने नाती को साइकिल से हरखापुर स्थित निजी स्कूल में छोडने गए थे। वहां से वापस लौटते समय माधवपुर गांव के पास गोंडा से तरबगंज जा रही मिनी बस ने साइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे वह नीचे गिर गए। इसी बीच पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल डाला। जिससे राज बहादुर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग निकला। बुजुर्ग की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने माधवपुर के पास गोंडा-तरबगंज मार्ग जाम कर दिया। आधे घंटे तक चले जाम के बाद मौके पर पहुंचे कोतवाल देहात सदानंद सिंह ने ग्रामीणों को समझाकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। तब जाकर ग्रामीण माने और जाम समाप्त हो सका पुलिस ट्रैक्टर कोतवाली ले आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल देहात सदानंद सिंह ने बताया कि मामले में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।