12 दिन बाद जोन के नए चीफ ने संभाली कुर्सी
गोंडा। 12 दिन बाद आखिरकार देवीपाटन जोन के नए मुख्य अभियंता एनके मिश्र ने गुरुवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। ज्वाइनिंग के दौरान नए मुख्य अभियंता एनके मिश्र ने बताया कि जोन के सभी चार जिलों को बिजली की अच्छी सप्लाई मिले। लाइन हानियां कम हों और अच्छा राजस्व आए। यह सारे काम उनकी प्राथमिकताओं में होंगे।
वहीं आरजीजीवीवाई और डीडीयूजी योजना के तहत मंडल के चार जिलों में होने वाले विद्युतीकरण के कार्य को अंजाम तक पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल हैं। एनके मिश्र इससे पहले दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम में बतौर अधीक्षण अभियंता काम कर चुके हैं जबकि आगरा में भी वह काफी दिनों तक अधीक्षण अभियंता रहे। हाल में प्रोन्नति के बाद उन्हें मध्यांचल विद्युत वितरण निगम में बतौर मुख्य अभियंता के पद पर तैनाती मिली थी। जिसके बाद उन्हें देवीपाटन जोन में खाली चल रही चीफ इंजीनियर की कुर्सी की कमान सौंपी गई थी। हालांकि मध्यांचल विद्युत वितरण निगम से उनकी तैनाती के आदेश 12 दिन पहले ही जारी हो गए थे। जिसके परिप्रेक्ष्य में गुरुवार को उन्होंने चीफ की कुर्सी का चार्ज संभाला।