खरगूपुर(गोंडा)। बच्चों की सुरक्षा के लिए सरकार के टीकाकरण योजना पर संदेह करने के चलते पिछले 10 सालों से एक समुदाय विशेष के लोगों ने अभियान से किनारा कर रखा था। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्यकर्मियों का प्रयास भी नाकाम रहा। जानकारी होने पर सीडीओ एम. अरुन्मोली ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ गांव में डेरा डाल दिया। घर-घर जाकर लोगों का विश्वास जीता और उनके मनुहार पर शनिवार को 161 परिवार टीका लगवाने को राजी हुए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरगूपुर के तहत ग्राम पंचायत लोनावा दरगाह में टीबी, हेपेटाइटिस-बी, पोलियो, खसरा, चेचक, गला घोटू सहित 12 बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण किया जा रहा है। लेकिन अधिकांश लोगों ने अपने बच्चों को टीका लगवाने से मना कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने दस सालों से कभी टीकाकरण नहीं करवाया फिर भी उनके बच्चे स्वस्थ है।
शनिवार को सीडीओ एम अरुन्मोली, प्रतिरक्षण अधिकारी केपी तिवारी, पूर्ति निरीक्षक जुगल किशोर, खंड विकास अधिकारी मृत्युंजय यादव, हेल्थ इंस्पेक्टर आलोक पाठक व सीएचसी अधीक्षक डॉ. जीएम चिश्ती के साथ गांव में पहुंचीं। कई धर्मगुरुओं के सहयोग से घर-घर जाकर लोगों को समझाया। विश्वास दिलाया कि टीका जनसंख्या नियंत्रण के लिए बिल्कुल नहीं है, इसका उद्देश्य बीमारियों से बचाव करना है। सीडीओ पर विश्वास कर 161 बच्चों को टीका लगाया गया।