क्राइम ब्रांच व कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार की देर रात नकली शराब बनाने वाले कारोबारियों के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। जिले में नकली शराब की खेप आने की सूचना पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने 1600 शीशी नकली शराब बरामद की है। पुलिस ने एसयूवी समेत एक आरोपी को भी धर दबोचा है।
एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि रात में क्राइम ब्रांच की टीम को परसपुर की तरफ से नकली शराब की एक बड़ी खेप के जिले में आने की सूचना मिली थी। इस पर क्राइम ब्रांच टीम के साथ नगर कोतवाली पुलिस को भी लगाया गया था।
एसपी के मुताबिक, संयुक्त टीम ने देहात कोतवाली क्षेत्र के कटहाघाट पुल के समीप वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। थोड़ी ही देर बाद परसपुर की तरफ से एक एसयूवी आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया तो एसयूवी में सवार तीन लोग उतरकर भागने लगे।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एसयूवी चालक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन की सीट के नीचे 32 गत्तों में छिपाकर रखी गई 1600 शीशी नकली शराब बरामद हुई। इसके साथ ही एसयूवी से नगीना ब्रांड के 50 रैपर, 48 खाली शीशी व 492 कूटरचित होलोग्राम भी बरामद हुआ।
पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम दिलीप कुमार दुबे निवासी चांदपुर थाना तरबगंज बताया। एसपी ने बताया कि पकड़े गए युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। एसयूवी को सीज कर दिया गया है। कारोबार में लिप्त अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।