फर्जी शैक्षिक दस्तावेज के सहारे बेसिक शिक्षा विभाग मे नौकरी हासिल करने वाले 16 सहायक अध्यापकों को बीएसए ने बुधवार को निलंबित कर दिया है। बार बार नोटिस जारी होने के बावजूद यह शिक्षक स्कूल से लगातार गायब चल रहे थे। निलंबन के बाद अब इन शिक्षकों पर बर्खास्तगी की तलवार लटक गई है।
बेसिक शिक्षा विभाग में वर्ष 2016 में 16448 शिक्षक भर्ती के तहत जिले के परिषदीय स्कूलों में 600 शिक्षकों की भर्ती की गई थी। इन शिक्षकों को विभिन्न विकास खंडों के के प्राथमिक स्कूलों में तैनात किया गया था। तैनाती पाने वाले इन शिक्षको को वेतन देने के लिए जब इनके शैक्षिक दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया तो 17 शिक्षकों के अभिलेख संदिग्ध पाए गए थे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इन शिक्षकों को नोटिस जारी कर शैक्षिक दस्तावेजों के साथ अपने कार्यालय में तलब किया था लेकिन सिर्फ पांच शिक्षक बीएसए के बुलावे पर मौजूद हुए। अन्य 12 शिक्षक नोटिस मिलने के बाद अपने विद्यालय से फरार हो गए जबकि कार्यालय में उपस्थित होने वाले पांच में चार शिक्षकों के शैक्षिक अभिलेख जाली पाए गए थे।
इसके बाद स्कूलों से फरार चल रहे शिक्षकों को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अंतिम नोटिस जारी कर कार्यालय तलब किया था लेकिन दोमाह बीतने के बावूद शिक्षक न कार्यालय आए और न स्कूल ही आ रहे थे। बीएसए ने बिना किसी सूचना के फरार चल रहे इन सभी 16 सहायक अध्यापकों को बुधवार को निलंबित कर दिया है। निलंबित होने के बाद अब इन शिक्षकों पर बर्खास्तगी की तलवार लटक गई है।
इनसेट
इन्हें किया गया निलंबित
नाम विद्यालय विकासखंड
मनोज कुमार प्रा.वि. टेंगनहवा बभनजोत
चंद्रकांत प्रा.वि.चांदपुर माझा परसपुर
वैभव यादव प्रा.वि.मल्लहनपुरवा करनैलगंज
शिवकुमार शर्मा प्रा.वि.विशुनपुरकला परसपुर
संदीप कुमार वर्मा प्रा.वि.उर्दी गोंडाडीह कटरा बाजार
देवेश चंद्र वर्र्मा प्रा.वि.महापारा कटरा बाजार
अशोक कुमार प्रा.वि.ढढ़ौवा कुटुबजोत बभनजोत
सुरेंद्र प्रताप यादव प्रा. वि.सीतारामपुर ग्रंट बभनजोत
राघवेंद्र कुमार वर्मा प्रा.वि.पिपरी माझा कटरा बाजार
सुकांत यादव प्रा.वि.पूरे अहलाद बेलसर
दीपक वर्मा प्रा.वि.उड़िला कटरा बाजार
चंदन यादव प्रा.वि.सरैया प्रथम करनैलगंज
आशीष कुमार प्रा.वि.राजगढ़ अमीनपुर कटरा बाजार
वेद प्रकाश प्रा.वि.पूरे मुसद्दी इटियाथोक
सुबोध कुमार प्रा.वि. पूरे विहान बेलसर
जितेंद्र कुमार प्रा.वि.पिसैइया कटरा बाजार
गोंडा। सहायक अध्यापकों के निलंबन के बाद बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों की तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। रुपईडीह के खंड शिक्षा अधिकारी अविनाश कुमार दीक्षित, करनैलगंज बीईओ अनिल कुमार झा व मुजेहना के खंड शिक्षा अधिकारी यज्ञ नरायन वर्मा की तीन सदस्यीय कमेटी को इस पूरे गड़बड़झाले की जांच सौंपी गई है। यह कमेटी 15 दिनों के भीतर पूरे प्रकरण की जांच कर अपनी रिपोर्ट बीएसए को सौंपेगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।