रुपईडीह (गोंडा)। बहराइच गोंडा मार्ग पर खरगुपुर थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार गांव के निकट सोमवार की देर रात कार और ट्रक में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में आठ साल के मासूम की मौत हो गई जबकि कार सवार एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए।
हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और कार सवार एक महिला का हाथ कटकर अलग जा गिरा। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से पांच लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
कोतवाली नगर क्षेत्र के साहबगंज मोहल्ले के रहने वाले सुशील श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ खरगूपुर थाना क्षेत्र के मंगलनगर गांव में अपनी रिश्तेदारी में एक तेरहवीं में शामिल होने के लिए गए थे। देर रात वह परिवार समेत कार से वापस घर लौट रहे थे।
वह गोंडा-बहराइच मार्ग पर पिपरा बाजार गांव के समीप पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार में ठोकर मार दी। आमने सामने हुई इस भिड़ंत में कार के परखच्चे उड़ गए। कार सवार आठ वर्ष के मासूम रिभु की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रशांत श्रीवास्तव (22), सुशील श्रीवास्तव (53), निशा (50), माही (5), रुद्र (5), रुचि श्रीवास्तव (35) व रोली (28) लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आठ वर्ष के मासूम रिभु का शव कार से बाहर छिटककर सड़क पर आ गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से डॉक्टरों ने पांच घायलों सुशील श्रीवास्तव, निशा श्रीवास्तव, माही, रुद्र व प्रशांत श्रीवास्तव को लखनऊ रेफर कर दिया। इनका इलाज अब लखनऊ के ट्रामा सेंटर में चल रहा है।
वहीं जिला अस्पताल रूचि व रोली का इलाज चल रहा है। जिला अस्पताल में इलाज करा रहीं रुचि श्रीवास्तव ने पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया। हादसे के दौरान मौके पर चौकी प्रभारी आर्यनगर जय प्रकाश सिंह, सत्येन्द्र कुमार, आदित्य कुमार, अभिषेक यादव, मुन्ना प्रसाद आदि पुलिस कर्मी पहुंचे और राहत व बचाव कार्य किया।