खोड़ारे (गोंडा)। खोडारे थाना क्षेत्र के बभनगांव में अज्ञात कारणों से लगी आग के कारण सात लोगों के आशियाने जलकर राख हो गए। इसमें से एक ग्रामीण के घर में मंगलवार को बारात आनी थी। उसका भी सारा सामान लपटों की भेंट चढ़ गया।
बभनगांव में सोमवार को लाल बहादुर के घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। 28 मई को बारात आनी थी कि अचानक अज्ञात कारणों से घर मैं धुआं निकलने लगा। धुआं देखकर लोग शोर मचाने लगे। जब तक लोग पहुंचते तब तक आग पूरे घर में फैल चुकी थी। देखते ही देखते घर में रखा शादी का सारा सामान व घर पर लगा टेंट का सामान जलकर राख हो गया। जहां एक ओर शादी की खुशियां मनाई जा रहीं थीं वहीं आग ने घर में तबाही मचा दी। यही नहीं लाल बहादुर के घर से सटे दुरपता, शांति देवी, रामभवन, दिनेश चंद्र, रूपनारायण, केशव राम के घर को देखते भी देखते आग ने अपने आगोश में ले लिया और सभी लोगों के घर देखते ही देखते राख हो गये।
शोर सुनकर पड़ोस गांव के लोगों के पहुंचने के बाद पंप सेट के डिलीवरी पाइप व गांव के नल से आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल रामसागर के मुताबिक लाल बहादुर के घर शादी के कारण ज्यादा नुकसान हुआ है। बर्तन, मोटरसाइकिल, घर में रखा अनाज, शादी का कपड़ा व नकद सब मिलाकर करीब तीन लाख का नुकसान हुआ है।
दुरपता का कपड़ा, बर्तन, अनाज सब मिलाकर करीब साठ हजार का, शांति देवी का कपड़ा, बर्तन अनाज सब मिलाकर करीब तीस हजार रुपये कीमत का, रूपनारायण, रामभवन, केशव राम, दिनेश चंद्र सभी लोगों का करीब तीस-तीस हजार का नुकसान हुआ है। विक्रम प्रसाद का टेंट शादी में लगा हुआ था करीब दो लाख का नुकसान हुआ है जिसकी रिपोर्ट बनाकर तहसील को भेजी जा रही है और स्थानीय कोटेदार से राशन उपलब्ध कराने को कहा गया है।