गोंडा। जिलाधिकारी प्रभांशु कुमार के निर्देश पर गुरुवार को उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी व भूमि संरक्षण अधिकारी के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने एक साथ जिले की 57 खाद दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान 25 दुकानों से नमूने लिए गए। छापे के दौरान दुकान छोड़कर नदारद होने वाले छह दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
गेहूं बोआई का समय है, इसलिए खाद की कालाबाजारी बढ़ गई है। खाद की किल्लत दिखाकर किसानों को लूटा जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी व भूमि संरक्षण अधिकारी की अलग-अलग टीमों ने छापा मारा।
जिला कृषि अधिकारी ने आईएफएफडीसी मिश्रौलिया, हरीशकुमार भारती वजीरगंज, जटाशंकर शुक्ला शुक्ल ट्रेडर्स वजीरगंज, भूमि संरक्षण अधिकारी ने शुक्ला खाद भंडार झिलाही, उप कृषि निदेशक ने खुबैब खाद भंडार बाबूपुर कटरा व सिरताज अहमद गाड़ी बाजार करनैलगंज समेत एक छह दुुकानों के निरीक्षण में दुकानदार के उचित अभिलेख न दिखा पाने तथा दुकान बंद कर नदारद रहने पर सभी छह दुकानों को निलंबित करके लाइसेंसियों को नोटिस दी है। इसके अलावा 25 दुकानों से खाद के नमूने लिए गए।