69 फीसदी वोटरों ने किया मतदान
गोंडा। जिले में हुए नगर निकाय चुनाव में रिकार्ड 69.24 फीसद मतदान हुआ। इस बार के नगर निकाय चुनाव में शहरी वोटरों ने दिल खोलकर मतदान किया। इस लोकतंत्र के महापर्व पर लोगों ने मतदान में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया है।
इस बार नगर निकाय चुनाव में कूदे उम्मीदवारों में चाहे जो जीते हारे इसका तो कोई पता नही है लेकिन वोटर व लोकतंत्र जीत गया है। 69 फीसदी मतदान जिले में अपने आप में एक रिकार्ड है जो पिछले चुनाव की तुलना में सीधे 7 फीसदी अधिक है। पिछसे चुनाव में मात्र 63 फीसद मतदान हुआ था।
इसकी एक वजह युवा मतदाताओं को अधिक जुड़ने के साथ परसपुर के रूप में एक अलग नगर पंचायत के गठन होना है। लोकतंत्र के खेत में पानी की तरह खूब वोट बरसे। इस तरह से अब जिले के कुल नगर पंचायत व नगर पालिका परिषद अध्यक्ष व सदस्य पद के कुल 575 उम्मीदवारों का भाग्य मत पेटियों में बन्द है।
पैरा मिलेट्री फोर्स के हवाले हुईं मतपेटियां
गोंडा। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार की देर शाम को सभी निकाय क्षेत्रों की मतपेटियां पैरामिलेट्री फोर्स के हवाले कर दी गई हैं। सभी मतपेटियों की जिला प्रशासन की ओर से बनाये गये स्ट्रांगरूम में लाक कर दी गई हैं। सभी मतदान कार्मिकों व पीठसीन अधिकारियों ने अपने अपने बूथ के बैलेट बाक्स को अपने क्षेत्र के बने स्ट्रांग रूम में बंद जमा कराया।
वहां के बने स्ट्रांगरूम को पैरा मिलेट्री फोर्स के आफीसरों ने अपने कब्जे में ले लिया है। सभी मत पेटिकाएं फोर्स के कड़े पहरेदारी में रहेंगी। नपाप गोंडा नपं खरगूपुर की मत पेटियां कृषि उत्पादन मण्डी समिति गोंडा के स्ट्रांगरूम में रखी गई हैं।
जबकि मनकापुर नपं क्षेत्र की मत पेटियां मनकापुर तहसील के स्ट्रांगरूम में रखा गया है। इसी तरह से नवाबगंज नपाप की मतपेटी तरबगंज महसील में बने स्ट्रांग रूम में रखी गई है। जबकि करनैलगंज नपाप,कटरा नपं व परसपुर नपं की मतपेटिकाएं करनैलगंज महसील भवन में बने अलग अलग स्ट्रांगरूम में रखी गईं हैं।
अब एक दिसंबर को खुलेगा प्रत्याशियों के भाग्य का ताला
गोंडा। नगर निकाय चुनाव का मतदान समाप्त होेने के बाद अब सभी प्रत्याशियों के भाग्य का ताला एक दिसंबर को खुलेगा। सभी नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत के अध्यक्ष व उनके सदस्यों के मतों की गणना एक दिसम्बर को होगी। अब उम्मीदवार व उनके समर्थकों के साथ आम लोगों की निगाहें एक दिसम्बर पर टिक गई हैं। किसके भाग्य में क्या है इसका फैसला अब एक दिसम्बर को पता चलेगा।
मतदान खत्म हुआ कि लगने लगे हार जीत के कयास
गोंडा। मतदान खत्म होते ही आम जन व उम्मीदवारों के समर्थकों में अब हार जीत के कयास लगने शुरू हो गये हैं। कौन कहां से जीत रहा है कौन हार रहा आंकड़ेबाजों ने अभी से गिनती शुरू कर हार जीत का ऐलान करना शुरू कर दिया है। कुछ आंकड़ेबाज तो कमोबेश उम्मीदवारों को वोट मिलने की संख्या तक बताने के दावे करने लगे हैं।
हालांकि अभी तक कई सीटों की स्थिति साफ नही है इस बार मतदाता ने बड़ी ही खामोशी से मतदान किया है। ऐसे में आंकड़ेबाजों के साथ उम्मीदवारों व उनके समर्थकों को वास्तविक रिजल्ट आने के बाद तगड़ा झटका लग सकता है, क्योंकि जनता का फैसला अभी गोपनीय है। इसका खुलासा एक दिसम्बर को होना बाकी है।
शांतिपूर्ण चुनाव निपटा: प्रशासन ने ली राहत की सांस
गोंडा। नगर निकाय चुनाव शान्तिपूर्ण निपटाने की परीक्षा में जिला प्रशासन पास होने पर राहत की सांस ली है। जिले में एक आध स्थान पर लोगों में कहा सुनी हुई लेकिन आमतौर पर सभी क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण निपट गया।
इसमें राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से की गई सख्ती के साथ जिला प्रशासन की ओर से बनायी गई रणनीति कामयाब रही । इस बावत जिलाधिकारी जेबी सिंह ने बताया कि पूरे जिले में कहीं कोई वारदात नही हुई। बड़ी तादात में लोगों ने भयमुक्त होकर मतदान किया। लोगों ने भी काफी समझदारी से काम लिया।