बजाज चीनी मिल के यूनिट हेड समेत तीन पर केस
अभद्रता व धमकी के आरोप में दर्ज कराई रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
मोतीगंज गोंडा। चौसेला गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने बजाज चीनी मिल के यूनिट हेड समेत तीन लोगों के खिलाफ रविवार को थाना मोतीगंज में अभद्रता व धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना तरबगंज क्षेत्र के चौसेला गांव के रहने वाले रामकिशोर सिंह उर्फ गुड्ू ने थाना मोतीगंज में रविवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया कि 21 अगस्त को वह बजाज चीनी मिल कुन्दुरखी वहां के यूनिट हेड पीएन सिंह से मिलने गया था। मगर जब वह गेट पर पहुंचे तो मिल के सिक्योरिटी गार्ड रामभूषण सिंह ने उन्हें रोक लिया। इसकी शिकायत जब उन्होंने सिक्योरिटी अफसर महेश्वर शर्मा व यूनिट हेड पीएन सिंह से की तो दोनों लोगों ने उनसे अभद्रता करने हुए धमकी दी। रामकिशोर सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने यूनिट हेड पीएन सिंह, सिक्योरिटी अफीसर महेश्वर शर्मा व सिक्योरिटी गार्ड रामभूषण सिंह के खिलाफ थाना मोतीगंज में अभद्रता व धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष मोतीगंज पीएन तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जांच की जा रही है। उधर बजाज चीनी मिल के यूनिट हेड पीएन सिंह का कहना है कि वह रामकिशोर सिंह उर्फ गुड्डू सिंह नाम के किसी व्यक्ति को न तो जानते हैं और न ही पहचानते हैं। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।