गोंडा। जिले के 16 केंद्रों में रविवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) आयोजित होगी। दो पालियों में कुल 14,256 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है। प्रत्येक पाली में 7,128 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले प्रवेशद्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। मौसम को देखते हुए सभी केंद्र व्यवस्थापकों को बिजली और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। (संवाद)