मंडलायुक्त कार्यालय में जन सुनवाई करतीं अपर आयुक्त मीनू राणा। -संवाद
- फोटो : स्ंवाद
गोंडा। मंडल मुख्यालय स्थित आयुक्त कार्यालय में सोमवार को मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुक्त देवीपाटन मंडल शशि भूषण लाल सुशील ने की, जिसमें 14 महिलाओं ने अपनी समस्याएं रखीं। आयुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम फरेंदा निवासी कुसुमा ने अपने पुत्र अर्जुन के नाम आवंटित कृषि पट्टा भूमि को संक्रमणीय कराने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि करीब 20 वर्ष पहले मिली भूमि अब तक असंक्रमणीय श्रेणी में दर्ज है, जिससे उसका उपयोग करने में परेशानी हो रही है।
तरबगंज तहसील के बरौली गांव की चन्द्रावती देवी ने 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण में अधिग्रहीत अतिरिक्त भूमि का भुगतान दिलाने और स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की। उनका आरोप था कि निर्धारित सीमा से अधिक भूमि अधिग्रहित करने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया है।
करनैलगंज की वंदना शर्मा ने अपने निर्माणाधीन मकान पर छत डालने से रोके जाने और धमकी मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि विपक्षियों के दबाव के चलते निर्माण कार्य बाधित हो रहा है और वह अपने बच्चों के साथ असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
बहराइच जिले के कैसरगंज क्षेत्र की शोभावती ने लेखपाल पर आय प्रमाण पत्र बनाने में भ्रष्टाचार और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की। अपर आयुक्त मीनू राणा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें जल्द राहत मिल सके।