डायट में प्रधानाचार्यों के साथ बैठक करते प्राचार्य रामसागर पति त्रिपाठी। -स्रोत: विभाग
गोंडा। डीएलएड की प्रथम व तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं सोमवार से शुरू होंगी। जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर 1,382 प्रशिक्षु कड़ी निगरानी में परीक्षा देंगे। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग अलर्ट है। सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी। प्रथम सेमेस्टर के नए परीक्षार्थी व बैकपेपर वाले प्रशिक्षु तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा देंगे।
डीएलएड प्रशिक्षुओं की सेमेस्टर परीक्षाएं सोमवार से शुरू होकर तीन नवंबर तक चलेंगी। शहर के राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज व शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। डायट प्राचार्य रामसागर पति त्रिपाठी ने शनिवार शाम को केंद्र व्यवस्थापकों व संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। सीसीटीवी कैमरे, पेयजल व बैठने की व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाए। परीक्षा के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी होने पर केंद्र व्यवस्थापक की जिम्मेदारी तय की जाएगी। डायट प्राचार्य ने बताया कि शांतिपूर्वक परीक्षा कराने के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट व सचल दल को नामित कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए परीक्षा केंद्रों पर पुलिस तैनात रहेगी।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न दो बजे से चार बजे तक होगी। सभी परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से 20 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना होगा।
परीक्षा केंद्र परीक्षार्थियों की संख्या
राजकीय इंटर कॉलेज 437
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज 500
शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज 445