गोंडा। जिले के लोकसभा व विधानसभा की मतदाता सूची में 1.36 लाख नए आवेदकों के नाम जुड़ेंगे जबकि 7076 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए भी जाएंगे। इसके साथ ही तार्किक विसंगतियां और अनमैप मतदाताओं की सुनवाई करके फाइनल सूची प्रकाशित करने की तैयारी तेज हो गई है। एसआईआर की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के लिए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
एसआईआर के तहत एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि शुक्रवार को दावे व आपत्तियों की मियाद पूरी हो गई। इस दौरान कुल मिलाकर 1.74 लाख दावे व आपत्तियां दर्ज हुई। इसमें 1.36 लाख आवेदन नाम जोड़ने के लिए आवेदन किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष की मानक आयु पूरी करने और छूटे मतदाताओं ने सूची में नाम शामिल करने के लिए किए हैं। जबकि मृत्यु, स्थानांतरित और डुप्लीकेट वोटर होने के चलते 7076 मतदाताओं के नाम सूची से हटाने के लिए आवेदन किए गए हैं।
इसी तरह से 31,042 लाख मतदाताओं ने नाम आदि में गलती सुधार के लिए आवेदन किया है। इन सभी मतदाताओं के दावे व आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद उनका नाम फाइनल सूची में जोड़ा जाएगा। इस दौरान अपात्र मतदाताओं का नाम हटाने के साथ ही गलतियों में सुधार किया जाएगा।
86.05 प्रतिशत मतदाताओं की सुनवाई पूरी
अनंतिम मतदाता सूची में 5.10 लाख मतदाताओं के नाम, आयु में तार्किक विसंगति के साथ ही एसआईआर 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग नहीं हो सकी थी। ऐसे में अब तक 4.76 लाख मतदाताओं को जहां नोटिस वितरित की जा चुकी है। वहीं, लगभग 86.05 प्रतिशत कुल 4.39 लाख मतदाताओं की सुनवाई पूरी हो गई है। इसमें से 1.62 लाख मतदाता सत्यापित किए जा चुके हैं।