करनैलगंज और गोंडा राजकीय आईटीआई में आयोजित किया गया रोजगार मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
गोंडा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गोंडा और करनैलगंज में बृहस्पतिवार को आयोजित रोजगार मेले में 133 आईटीआई पास युवाओं का चयन हुआ। संबंधित कंपनी के प्रतिनिधियों ने युवक व युवतियों का साक्षात्कार लिया। नोडल आईटीआई प्रधानाचार्य शिवकुमार शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 134 आईटीआई पास युवक व युवतियों ने पंजीकरण कराने के बाद साक्षात्कार दिया। गोंडा आईटीआई में सुजुकी मोटर के प्रतिनिधियों ने साक्षात्कार लिया। यहां 105 युवक व युवतियों का चयन किया गया। करनैलगंज राजकीय आईटीआई प्रधानाचार्य प्रभुनाथ मिश्र ने बताया कि फरीदाबाद की एक मोटर पार्ट उत्पादक कंपनी के प्रतिनिधि ने साक्षात्कार लिया है। रोजगार मेले में अलग-अलग कॉलेजों से 41 आईटीआई पास अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। जिसमें 28 छात्रों का चयन किया गया। प्रधानाचार्य ने बताया कि कुल 100 पदों के लिए संबंधित कंपनी के प्रतिनिधि साक्षात्कार के लिए पहुंचे थे। बावजूद इसके बड़ी संख्या में रोजगार मेले में कुल 133 बेरोजगार युवक व युवतियों का चयन हो सका है।
24 को रोजगार मेले के लिए कराएं पंजीकरण
देवीपाटन मंडल सेवायोजन सहायक निदेशक आशा वर्मा ने बताया कि आगामी 24 जून को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय पर रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान कई नामचीन कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। साथ ही सुबह साढ़े 10 बजे से साक्षात्कार लिया जाएगा। बेरोजगार युवक व युवतियां सेवा योजन पोर्टल पर पंजीयन के बाद साक्षात्कार में शामिल होंगे।