दिव्यांग से वसूली के आरोप में दो सिपाही लाइन हाजिर
गोंडा। एक दिव्यांग व्यक्ति ने थाना कटरा बाजार के दो सिपाहियों पर अभद्रता करके रुपयों की वसूली करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने दोनों सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी ने मामले की जांच सीओ करनैलगंज को सौंपी है।
थाना कटरा बाजार क्षेत्र के भैरमपुर गांव के मजरे पाठक पुरवा के रहने वाले तरुण कुमार ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें आरोप है कि वह अपने चचेरे चाचा शिव चंदन के साथ 09 फरवरी को भागवत पुराण सुनने के लिए अपने खेत से एक ट्रॉली मिट्टी लाने गया था।
तभी बाइक से आए थाना कटरा बाजार के सिपाही रुपेन्द्र यादव व अनिल सिंह ने पिस्टल निकालकर धमकाते हुए शिव चंदन का दोनों हाथ पीछे से बांध दिया और ट्रैक्टर ट्राली पर बिठाकर थाने ले जाने के लिए कहा।
आरोप है कि रास्ते में दोनों सिपाहियों ने मदरहा चौराहे पर उससे तीन हजार मांगे। उसने रुपये न होने की बात कही तो दोनों सिपाहियों ने उसे प्रताड़ित करते हुए धमकाया। मदरहा चौराहे के पास के रहने वाले दुकानदार अवधेश पासवान से 1200 रुपए लेकर दोनों सिपाहियों को दिया। तब जाकर उन्हें छोड़ा गया।
एसपी उमेश कुमार सिंह बताया कि शिकायत मिली है, सिपाही रुपेन्द्र यादव व अनिल सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच सीओ करनैलगंज को सौंपी गई है।