हादसों में दो लोगों की मौत, एक घायल
परसपुर करनैलगंज(गोंडा)। दीपावली के दिन सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। एक हादसें में 42 वर्षीय युवक दीपावली के दिन बाइक से एक गांव जा रहा था तभी भौरीगंज मार्ग पर नहर पुलिया के पास एक पल्सर बाइक सवार ने युवक की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। दूसरे हादसे में कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के भौरीगंज चौराहे के पास बाइकों की भिड़ंत में दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है।
थाना परसपुर के छितौनी डेहरास गांव के रहने वाले शिवचन्द सैनी ने बताया कि उनके बड़े भाई 42 वर्षीय कौशल कुमार सैनी कस्बा परसपुर के एक मेडिकल स्टोर पर काम करते थे।
19 अक्टूबर दीपावली के दिन शाम को तकरीबन सवा 6 बजे वह अपने किसी निजी काम से ग्राम नंदौर जा रहे थे तभी कस्बा परसपुर के पूरे धिरजा के निकट नहर पुलिया के पास पीछे से आ रहे पल्सर बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
जिसमें उनके भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। शाम को लोग अपने घरों पर दीपावली का त्यौहार मना कर गणेश-लक्ष्मी की पूजा पूरे परिवार के साथ कर रहे थे कि दुर्घटना में अपने घर के सदस्य की मौत पर पूरे परिवार व आसपास घरों के कोहराम मच गया।
शुक्रवार को पीएम के बाद शव आने पर उनका दाह संस्कार भौरीगंज के सरयू नदी तट पर किया गया। शिवचन्द सैनी की तहरीर पर थाना परसपुर में पल्सर बाइक सवार अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
दूसरी घटना में कोतवाली नगर क्षेत्र के विष्णूपुरी कालोनी के रहने वाले कृष्ण कुमार तिवारी (41) दीपावली के दिन बाइक से करनैलगंज की ओर से अपने घर आ रहे थे, चौरी चौराहे के पास सामने से आ रहे बाइक सवार संतोष कुमार (50) से उनकी भिड़ंत हो गई। जिससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान कृष्ण कुमार की मौत हो गई, जबकि संतोष का इलाज चल रहा है।