गोंडा। नवाबगंज ढेमवाघाट मार्ग के राजाराम चौराहा से ब्योंदा बहादुरपुर अमदही मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड एक के अधिकारियों ने प्रस्ताव तैयार करके स्वीकृति के लिए शासन को भेजा है। निर्माण खंड-एक के अधिशासी अभियंता सुरेश राम ने बताया कि तरबगंज से अयोध्या को जोड़ने वाला मार्ग काफी महत्वपूर्ण है। इस मार्ग से लोग तरबगंज, अमदही, ब्योंदा बहादुरपुर, नवाबगंज और अयोध्या समेत अन्य जिलों को जाते हैं। मौजूदा समय में सड़क कहीं तीन तो कहीं साढ़े तीन मीटर चौड़ी है। इस मार्ग चौड़ीकरण की लंबे समय से मांग की जा रही है। ऐसे में 12.50 किलोमीटर मार्ग को पांच मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। इस पर करीब 21 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। वहीं, स्वीकृति की प्रत्याशा में टेंडर प्रक्रिया की तैयारी भी की जा रही है। (संवाद)