नौकरी का झांसा देकर 10 लाख ठगे
मुजेहना। नौकरी का झांसा देकर सगे भाइयों ने एक युवक से आठ लाख रुपये ठग लिए। भुक्तभोगी ने जब अपने रुपये की मांग की तो पिटाई कर दी। अदालत के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं वजीरगंज के भी एक युवक ने नौकरी के नाम पर दो लाख ठगने की शिकायत की है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के कस्बा धानेपुर के रहने वाले मोहम्मद अली पुत्र याकूब अली का आरोप है कि ग्राम सभा रामपुर दुबावल के मजरा पूरे गोनई के रहने वाले दो सगे भाइयों सफीउल्ला और फसीउल्ला ने एक साल पहले रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर कई बार में आठ लाख रुपये ऐंठ लिए और नौकरी भी नहीं दिलाई।
ठगे जाने की जानकारी होने पर जब रुपये की मांग की गई तो दोनों भाइयों ने पीटकर भगा दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने पर गये, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर अदालत में गुहार लगाई। जिस पर अदालत ने रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना कराने का आदेश दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लिया है विवेचना उप निरीक्षक डीपी तिवारी कर रहे हैं।
वहीं थाना वजीरगंज क्षेत्र के भीखमपुर गांव के जितेंद्र कुमार तिवारी ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है कि शहर के एक कंप्यूटर शिक्षण संस्थान के तीन लोगों ने चंडीगढ़ में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे दो लाख ऐंठ लिए।
आरोप है कि नौकरी लगवाने के लिए दो किश्तों में दो लाख दिए गए लेकिन नौकरी नहीं मिली और अब पैसा भी नहीं लौटा रहे हैं। पीड़ित ने एसपी से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।