गोंडा। लखनऊ से गोंडा में मेडिकल स्टोरों पर आपूर्ति के लिए मंगलवार को जा रहा 1200 सीसी सैनिटाइजर एसडीएम ने पकड़ा। सैनिटाइजर पकड़े जाने के बाद मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने सैनिटाइजर का वितरण कराने की मांग करने लगे। जिस पर पांच पेटी में रखा 1200 सीसी सैनिटाइजर एसडीएम ने कैश मेमो पर निर्धारित मूल्य के हिसाब से लोगों में वितरण करवा दिया।
मंगलवार को तहसील के सामने उत्तर प्रदेश सरकार लिखी एक कार से पांच पेटी सैनिटाइजर दूसरी कार पर ट्रांसफर किया जा रहा था। उसी बीच लोगों ने उप जिला अधिकारी को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी ने सबसे पहले गाड़ी पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखे जाने के बाबत पूछताछ करना शुरू की। अभिलेख मांगे तो एक बिल दिखाया गया।
जिस पर 1200 पीस सैनिटाइजर का मूल्य 26 हजार 880 रुपये था। करनैलगंज क्षेत्र में सैनिटाइजर व मास्क की कमी के चलते वहां तहसील के तमाम अधिवक्ता और आसपास के लोग एकत्र हो गए और सभी लोग एसडीएम से सैनिटाइजर का वितरण कराने की मांग करने लगे। जिस पर एसडीएम ने बिल पर दर्ज कीमत के हिसाब से प्रति सीसी 25 रुपये के हिसाब से काउंटर लगाकर वितरण कराया। जबकि सैनिटाइजर की मूल्य 85 रुपये पड़ा था।
एसडीएम ज्ञान चंद्र गुप्ता ने मौके पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्रा को बुलाया। डॉक्टर ने कहा कि करनैलगंज में सैनिटाइजर की भारी कमी है। जिसका वितरण हो जाएगा तो लोगों को सहूलियत मिलेगी। एसडीएम ने बताया कि जो मूल्य व्यापारी द्वारा बताया गया वह 28 हजार रुपये था। व्यापारी को वह मूल्य चुका दिया गया।