गोंडा। सगाई समारोह का खाना खाकर 120 मेहमान बीमार हो गए। कार्यक्रम बहराइच रोड स्थित एक मैरिज लॉन में रविवार को था। हालत बिगड़ने पर लोगों को मेडिकल कॉलेज व निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बीमार हुए लोगों में मंगेतर युवक व युवती भी शामिल हैं। आयोजक ने कैटर्स पर अशुद्ध खाना खिलाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली नगर में शिकायत की है। पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग को पूरे प्रकरण से अवगत कराया है।
पटेलनगर निवासी अशोक गुप्ता की बेटी काजल की सगाई रविवार को बहराइच रोड स्थित एक मैरिज लॉन में थी। कार्यक्रम में एक कैटर्स को खाने के इंतजाम के लिए फुल कैटरिंग की जिम्मेदारी दी गई थी। सगाई का खाना खाने के करीब एक घंटे बाद मेहमानों को उल्टी-दस्त की समस्या होने लगी।
अशोक गुप्ता के अनुसार मंगेतर युवक व युवती के साथ दोनों पक्षों के करीब 120 लोग बीमार हो गए। हालत बिगड़ने पर काजल की मां रुबी बाला, रिश्तेदार प्रज्ञा जायसवाल व दिव्यांश जायसवाल को मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। सोमवार दोपहर बाद हालत सामान्य होने पर तीनों को घर भेज दिया गया।
वहीं काजल समेत 30 लोगों को विभिन्न निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इसमें से माधुरी जायसवाल व राजू जायसवाल को छोड़कर सोमवार को सभी को डिस्चार्ज कर दिया गया। दो गर्भवती समेत 27 बीमारों ने मेडिकल स्टोर से दवाएं ली।
बहराइच के चिलवरिया से आए मंगेतर अभय कुमार सहित करीब 60 लोगों को उल्टी-दस्त की समस्या हुई है। जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार कराया गया। मेडिकल कॉलेज के ईएमओ डॉ. खालिद बिलाल ने बताया कि रविवार को उल्टी-दस्त से पीड़ित तीन लोगों को भर्ती कर उपचार किया गया है। इनमें फूड प्वाइजनिंग के लक्षण थे। तीनों मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।
परिजनों ने कोतवाली में कैटर्स के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाल संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग को पूरे प्रकरण से अवगत कराया गया है। जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।
बीमारों के घर भेजी जाएगी स्वास्थ्य टीम
- पटेलनगर में फूड पॉइजनिंग से परिवार के कई सदस्यों के बीमार होने की सूचना मिली है। टीम भेजकर कार्रवाई की जाएगी। बीमारों को ओआरएस पाउडर समेत जरूरी दवाएं दी जाएंगी।
डॉ. वीके गुप्ता, कंट्रोल रूम प्रभारी
फूड पॉइजनिंग के लक्षण व उपचार
- मेडिकल कॉलेज के फिजीशियन डॉ. अखिलेश त्रिपाठी के अनुसार दूषित भोजन में हानिकारक बैक्टीरिया शामिल हो जाते हैं। इस भोजन का सेवन करने से उल्टी-दस्त, पेट में दर्द व सिर दर्द की समस्या हो सकती है। फूड पॉइजनिंग की समस्या होने पर शरीर में पानी की कमी न होने दें। ओआरएस व जिंक का घोल देते रहें। घर में चीनी-नमक व पानी का घोल देते रहें। समय से अस्पताल पहुंचाकर विशेषज्ञ चिकित्सक की परामर्श लें।
नहीं मिल पाया खाने का सैंपल
सगाई समारोह में खाना खाने से लोगों के बीमार होने की सूचना मिलने पर टीम संबंधित मैरिज लॉन में पहुंची लेकिन खाने में कुछ भी नहीं बचा था जिसकी सैंपलिंग कराई जा सके। कैटर्स ने जिस दुकान से तेल, रिफाइंड, खोया, पनीर लिया था, वहां की सैंपलिंग कराई जाएगी।
अजीत मिश्र, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन