नगर कोतवाली क्षेत्र के भटवलिया मंगलवार रात सियार के हमले में दो गांव की छह महिलाओं व एक बालिका समेत 12 लोग घायल हो गए।
जिला अस्पताल में घायलों का इलाज कराया गया। वहीं, देर रात ग्रामीणों ने घेराबंदी करके सियार को लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला करके मार डाला।
भटवलिया में मंगलवार रात सियार ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इसमें नानबच्ची, गीता, जयमल देवी, सीता, सुशीला, सुनीता व हरि प्रकाश घायल हो गये। सियार के हमले से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर हांका लगाकर किसी तरह सियार को गांव से भगाया।
मगर इसके बाद सियार इंदिरापुर गांव में घुस गया और वहां के मनोज कुमार, गुड्डू, मातादीन, सीता व एक अन्य ग्रामीण को हमला करके जख्मी कर दिया। ग्रामीणों ने 100 डायल करके पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस मंगाकर घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया।
जहां डॉक्टरों ने मलहम-पट्टी करने के साथ ही इंजेक्शन लगाकर सभी घायलों को छुट्टी दे दी। देर रात ग्रामीणों ने घेराबंदी करके सियार को मार डाला। सियार के मारे जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।