नवाबगंज के लोलपुर हाईवे पर क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर। - संवाद
टिकरी (गोंडा)। नवाबगंज में लोलपुर हाईवे पर सोमवार दोपहर ट्रैक्टर-ट्राॅली में पीछे से रोडवेज बस की टक्कर लग गई। हादसे में ट्राॅली पर सवार 12 श्रद्धालु गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें अयोध्या मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि बस्ती के वाल्टरगंज मुस्तफाबाद के रहने वाले 30 श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से अयोध्या जा रहे थे। दोपहर 02:30 बजे लोलपुर हाईवे पर रोडवेज बस की पीछे से टक्कर से ट्राॅली पलट गई। ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मुस्तफाबाद निवासी रामसरन, छबिलाल, नीलम, पुष्पा, रामकेस, रामधनी आदि लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने घायलों को अयोध्या मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया है। वहीं, रोडवेज चालक बस मौके पर छोड़कर भाग गया। वह गोरखपुर से लखनऊ जा रहा था। मामले में कार्रवाई की जा रही है।