बाइक लिफ्टर गैंग का खुलासा, दो सदस्य धराए
गोंडा। बाइक लिफ्टर गैंग का खुलासा करते हुए रविवार की देर रात नवाबगंज पुलिस ने गैंग के दो सदस्यों को चोरी की एक बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए गैंग के सदस्यों की निशानदेही पर पुलिस ने पांच और बाइक व दो स्कूटी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक लल्लन सिंह ने बताया कि बाइक चोरों के गैंग की धरपकड़ के लिए प्रभारी निरीक्षक नवाबगंज अनिल सिंह, चौकी प्रभारी लकड़मंडी दिग्विजय नाथ शाही, कांसटेबल कलेन्द्र यादव, हरिलाल यादव, घनशयाम यादव, राम प्रसेन सिंह, राकेश यादव व अजय कुमार निषाद को लगाया गया था।
एसपी के मुताबिक रविवार की रात चेकिंग अभियान के दौरान प्रभारी निरीक्षक नवाबगंज अनिल कुमार सिंह और उनकी टीम ने कस्बे के समीप गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर बाइक सवार दो लोगों को रोककर बाइक के कागजात मांगा तो वह नहीं दिखा सके।
बाइक सवार बजरंगी यादव निवासी ग्राम डुमरियाडीह थाना वजीरगंज व मनीष चौहान ग्राम कोईली जंगल कोतवाली देहात से कड़ाई से पूछताछ की गई तो दोनों ने बताया कि वह वजीरगंज क्षेत्र से बाइक चुराकर उसकी नम्बर प्लेट बदलकर चलाते हैं।
बजरंगी यादव ने बताया कि इसके अलावा 05 बाइक व दो स्कूटी अपने साथी शिवराम निवासी खिरिया थाना वजीरगंज के साथ मिलकर चुराए हैं। जिनमें से 04 बाइक उसके घर पर और 02 गाड़ियां मनीष चौहान की दुकान पर खड़ी है।
एसपी ने बताया कि बजरंगी की निशानदेही पर और 07 वाहन बरामद किए गए, जबकि एक बाइक शिवराम के घर से बरामद हुई है। एसपी ने बताया कि शिवराम की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
एसपी ने बताया कि पकड़े गए गैंग के सदस्यों के खिलाफ थाना नवाबगंज में केस दर्ज किया गया है। बाइक लिफ्टर गैंग का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पांच हजार का इनाम दिया गया है।