ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मां-बेटे घायल
दुबहा बाजार गोंडा। चरेरा गांव के समीप रविवार की सुबह ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक सवार युवक ट्रॉली की चपेट में आ गया। जिससे युवक और उसकी मां घायल हो गईं। वह अपनी मां को लेकर खरीददारी करने कटरा बाजार जा रहा था।
दोनों को सीएचसी कटरा बाजार लाया गया। जहां से युवक की मां को गंभीर हालत मेें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना कौड़िया क्षेत्र के पूरेबदल गांव का रहने वाला सोनू तिवारी (35) अपनी मां सुंदरपता (70) पत्नी जवाहरलाल को लेकर बाइक से रविवार की सुबह खरीददारी करने के लिए कटरा बाजार जा रहा था।
वह दोनों रामापुर-कटरा बाजार मार्ग पर चरेरा गांव के पास पहुंचे थे तभी सोनू उसकी रूट पर जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक करने लगा। तभी वह ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गया। जिससे मां-बेटे घायल हो गए। दोनों को सीएचसी लाया गया। जहां सुंदरपता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।