अब महिलाओं को ही मिलेगा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ
पारदर्शिता के लिए गांव की दीवारों पर लिखे चयनित लाभार्थियों का नाम
अमर उजाला ब्यूरो
गोंडा। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ अब महिलाओं को ही मिलेगा। शासन ने इस सम्बन्ध में स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यह जानकारी देते हुए डीएम जेबी सिंह ने बताया कि शासन द्वारा जारी किए गए नए निर्देशों के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत अब महिलाओं को ही लाभ मिल सकेगा। अपरिहार्य परिस्थितियों में विधवाएं, अविवाहिता अथवा अकेले रह रहे व्यक्ति के मामलों को छोड़कर पात्र परिवार की वरिष्ठतम महिला सदस्य के नाम ही आवास का आवंटन किया जाएगा। जबकि विशेष परिस्थितियों में किसी अन्य महिला अथवा पति-पत्नी के संयुक्त नाम से आवास का आवंटन हो सकेगा।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना में वर्ष 2011 की सामाजिक आर्थिक जनगणना के आधार पर बनाई गई पात्र लाभार्थियों की स्थाई प्रतीक्षा सूची में कुछ अपात्र व्यक्तियों के नाम सम्मिलित होने तथा पात्र व्यक्तियों के नाम छूट जाने के मामले में भी सीडीओ दिव्या मित्तल ने सभी ग्राम पंचायतों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चयनित लाभार्थियों की सूची ग्राम पंचायत में एक जगह वॉल पेन्टिंग कराकर अंकित कराई जाएगी जिससे ग्राम पंचायत के लोगों तथा स्वयं लाभार्थियों को चयन की जानकारी मिल सकेगी। इसके साथ ही यदि अपात्रों का चयन किसी भी स्तर पर किया गया होगा तो ग्राम पंचायत के लोगों द्वारा लिखित एवं साक्ष्यों के साथ दी गई शिकायतों पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। सीडीओ ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना में हर स्तर पर पारदिर्शता लाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा यह व्यवस्था जनपद गोंडा में लागू की जा रही है जिससे प्रत्येक ग्राम पंचायत के लोगों को चयनित लाभार्थियों की पात्रता व चयनित लाभार्थियों की जानकारी आसानी से मिल जाएगी और अपात्रों का चयन भी कतई न हो इसके लिए प्रभावी ढंग से सही पात्रों का चयन कराया जा सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि चयनित लाभार्थियों की सूची बोर्ड पर लिखे जाने से कोई व्यक्ति पात्रों अथवा अपात्रों से आवास दिलाने के नाम पर सुविधा शुल्क की मांग नहीं कर सकेगा और पात्र तथा चयनित लाभार्थियों को योजना का लाभ दिए के लिए चयनित किए जाने की जानकारी स्वत: मिल जाएगी।