आवेदन में गलती हुई तो छात्रवृत्ति से वंचित होंगे छात्र
समाज कल्याण निदेशालय ने जारी किए दिशा निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
गोंडा। पूर्वदशम व दशमोत्तर छात्रवृत्ति के लिए आनलाइन आवेदन करने वाले छात्र छात्राओं की आवेदन करते समय की गई गलती उनके लिए भारी पड़ सकती है। आवेदन पत्र में त्रुटि होने पर उन्हें छात्रवृत्ति से वंचित किया जा सकता है। इसके लिए समाज कल्याण निदेशालय ने छात्रों व स्कूलों के लिए अलग अलग दिशा निर्देश जारी किए हैं। इस बार बिना आधार नंबर वाले छात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति या शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ नही मिल सकेगा।
कक्षा 9 से लेकर उच्च शिक्षा वाले विभिन्न कोर्सों में प्रवेश लेने वाले छात्र छात्राओं को समाज कल्याण विभाग की तरफ से छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति प्रदान की जाती है। इसके लिए छात्र छात्राओं को समाज कल्याण की बेवसाइट पर आनलाइन आवेदन करना होता है। इसके बाद इसकी हार्ड कापी संबंधित विद्यालय में जमा की जाती है। अक्सर छात्र अपना आवेदन पत्र खुद भरने के बजाय दूसरों के भरोसे पर छोड़ देते हैं जिससे आवेदन पत्रों में कई गलतियां हो जाती है। साथ ही कई जानकारी भी अधूरी रह जाती है। इस कमी के कारण प्रत्येक वर्ष हजारों छात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति या शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित होना पड़ता है। इस बार ऐसी गलती न हो इसके लिए समाज कल्याण निदेशालय ने पहले ही आनलाइन आवेदन करने से लेकर आवेदन की हार्ड कापी जमा किए जाने तक की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए छात्र छात्राओं व शिक्षण संस्थाओं को दिशा निर्देश जारी किए हैं। आवेदन के लिए जारी की गाइडलाइन में निदेशालय ने छात्र छात्राओं को आवेदन पत्र में अपनी शैक्षणिक योग्यता, जाति प्रमाण पत्र,आय प्रमाण पत्र, बैंक की पासबुक, शिक्षण संस्थान में जमा की गई शुल्क की रसीद,पाठ्यक्रम की अनिवार्य नान रिफंडेबल शुल्क धनराशि, वर्तमान बोर्ड/विश्वविद्यालय का पंजीयन क्रमांक,आधार नंबर समेत अन्य जानकारी भरनी होगी। आवेदन को फाइनल रुप से सबमिट करते समय इन्हे एक बार फिर से जांच लेने के लिए कहा गया है। अगर इसके बावजूद किसी छात्र ने गलती की तो उसे छात्रवृत्ति से वंचित कर दिया जायेगा।
इनसेट
नए छात्र के रुप में करें आवेदन
अगर किसी छात्र ने उच्च शिक्षा के लिए कई वर्ष वाले कोर्स में दाखिला लिया है और पहले वर्ष छात्रवृत्ति या शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए आवेदन नहीं कर सका है तो दूसरे वर्ष में उसका आवेदन नया माना जायेगा और ऐसे छात्रों को आवेदन पत्र भरते समय अपने को नए छात्र के रुप में प्रदर्शित करना होगा। इसके बाद नियमावली के मुताबिक छात्रवृत्ति की धनराशि उसके खाते में भेज दी जायेगी।
इनसेट
आधार के साथ एनरोलमेंट नंबर अनिवार्य
छात्रवृत्ति या शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए आवेदन करने वाले सभी छात्र छात्राओं को अपने आवेदन पत्र में बैंक के खाता नंबर के साथ आधार नंबर अनिवार्य रुप से भरना होगा। इसके अलावा आधार नंबर का बैंक में लिंकअप होना भी आवश्यक है। साथ ही नवीनीकरण वाले छात्रों को आधार के साथ अपना एनरोलमेंट नंबर भी आवेदन फार्म के साथ भरना होगा।
इनसेट
पिछले वर्ष छात्रवृत्ति से वंचित हो चुके हैं 2500 छात्र
पिछले सत्र में दशमोत्तर छात्रवृत्ति के लिए करीब 24 हजार छात्र छात्राओं ने आवेदन किया था लेकिन आवेदन करते समय की गई गलतियों के कारण करीब 2500 छात्र छात्राओं के आवेदन पत्र निरस्त कर दिए गए और उन्हे छात्रवृत्ति का लाभ नही मिल सका था।
इनसेट
छात्रवृत्ति के लिए आनलाइन आवेदन करने वाले छात्र छात्राओं व शैक्षणिक संस्थाओं को आवेदन के लिए निदेशालय की गाइड लाइन से अवगत करा दिया गया है। साथ ही शिक्षण संस्थाओं के प्रमुखों को आवेदन पत्रों की जांच के बाद ही उसे अग्रसारित करने के निर्देश दिए गए हैं।
-अंजनी कुमार वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी