पशु व्यापारी से लूटे 20 हजार
पुलिस ने दबोचे दो लुटेरे, लूट की रकम बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
वजीरगंज (गोंडा)। वजीरगंज-टिकरी मार्ग से लिंक मार्ग भितरी पर स्थित एक मंदिर के पास मंगलवार की सुबह पड़िय़ा बेच कर लौट रहे एक पशु व्यापारी से बाइक सवार दो लुटेरों ने 20 हजार लूट लिए और फरार हो गए। लूट की सूचना पर हरकत में आइ्र पुलिस ने बाइक सवार लुटेरों को दबोच लिया और थाने ले आई। पुलिस को लुटेरों के पास से लूट की रकम भी मिल गई है। पुलिस ने पकड़े गए लुटेरों से पूछताछ में जुटी है।
शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के रहने वाले बाबू बंजारा ने बताया कि वह पशुओं को बेंचने का कारोबार करता है। बाबू के मुताबिक सोमवार की सुबह वह बहादुरा गांव के रहने वाले वीरेंद्र के घर गया था। वहां एक पड़िय़ा बेचने के बाद वापस लौट आया था। मगर वीरेंद्र ने उसे पैसे नहीं दिए थे। वह मंगलवार की सुबह पैसे लाने के लिए वीरेंद्र के घर गया था वहां से 20 हजार रुपये लेने के बाद वापस लौट रहा था तभी रास्ते में भितरी मार्ग पर स्थित मंदिर के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया। लुटेरों ने धमकाकर उससे 20 हजार रुपए लूट लिया और भाग निकले। बाबू की सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने बाइक सवार दोनों लुटेरों को दबोच लिया। पुलिस को लुटेरों के पास से लूट की रकम भी मिली है। थाना वजीरगंज के उपनिरीक्षक सुदामा लाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक की पूछताछ में कई राजफाश हुए हैं।