फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच माह से 11 स्कूलों में मिड-डे मील ठप

Fri, 05 Feb 2016 11:32 PM IST
गोंडा/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
धानेपुर के बीएचडी इंटर कॉलेज समेत मुजेहना के 11 परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले 1700 नौनिहालों का निवाला गोदाम प्रभारी हजम कर रहा है। राशन न मिलने से इन स्कूलों में पिछले पांच माह से मिड-डे मील ठप है। गोदाम प्रभारी की दबंगई से परेशान खंड शिक्षा अधिकारी ने डीएम व बीएसए को पत्र लिखकर मामले की शिकायत की है। साथ ही बीईओ ने राशन दिलाने की मांग भी की।
विज्ञापन


मुजेहना क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में बनने वाले मिड-डे मील के राशन की उठान धानेपुर स्थित उत्तर प्रदेश राज्य आवश्यक वस्तु निगम के गोदाम से होती है।

संबंधित कोटेदार यहां से अनाज की उठान कर स्कूलों तक पहुंचाते हैं। लेकिन पिछले पांच माह से यहां का गोदाम प्रभारी अपनी दबंगई से कोटेदारों को मिड-डे मील का अनाज नहीं दे रहा है।
विज्ञापन


अनाज न मिलने से धानेपुर स्थित बीएचडी इंटर कॉलेज समेत प्राथमिक विद्यालय धानेपुर प्रथम, धानेपुर द्वितीय, सुग्गापुर, गुप्तारपुरवा, डेबरीकला, भवनियापुर व मंगरावा समेत पूर्व माध्यमिक विद्यालय धानेपुर प्रथम, धानेपुर द्वितीय, डेबरीकला व पूर्व माध्यमिक विद्यालय भवनियापुर में पिछले पांच माह से एमडीएम नहीं बन रहा है।

यहां के अध्यापकों के मुताबिक उन्हें सितंबर, अक्तूबर, नवंबर, दिसबंर व जनवरी का अनाज नहीं मिला है। इन गांवों के कोटेदार लिखित रूप से इसकी शिकायत कर चुके हैं कि दबंग गोदाम प्रभारी उन्हें मिड-डे मील का अनाज नहीं दे रहा है।

विद्यालय के अध्यापकों ने भी गोदाम प्रभारी से मिलकर अनाज देने की मांग की, लेकिन इन स्कूलों को अनाज नहीं मिल सका। अनाज न मिलने से इन विद्यालयों के मिड-डे मील के चूल्हे ठप पड़े हैं और यहां परिषदीय विद्यालय में पंजीकृत 1306 व बीएचडी इंटर कॉलेज के 430 छात्र-छात्राओं समेत 1736 नौनिहालों को विद्यालय से भूखे पेट लौटना पड़ रहा है।

पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक वीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि कई बार इसकी लिखित सूचना खंड शिक्षा अधिकारी को दी गई, लेकिन गोदाम प्रभारी पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। गोदाम प्रभारी की इस दबंगई के आगे कोटेदार ही नहीं, बल्कि शिक्षा विभाग के अधिकारी भी बेबस नजर आ रहे हैं।

खंड शिक्षा अधिकारी मुजेहना अवधेश कुमार राय का कहना है कि उनके पास उच्चाधिकारियों को लिखित सूचना देने के अलावा और कोई चारा नहीं है।

इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर इन विद्यालयों को अनाज दिलाने व गोदाम प्रभारी पर कार्रवाई करने की मांग की है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गोंडा डॉ. फतेहबहादुर सिंह का कहना है कि मुजेहना क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में अनाज न मिलने की समस्या संज्ञान में है। इसके लिए आवश्यक वस्तु निगम के जिला प्रबंधक को पत्र लिखा गया है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें