गोंडा। कोरोना संक्रमण की रफ्तार दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। शनिवार को जिला अस्पताल समेत अन्य स्थानों पर हुई जांच में 11 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। नए मरीजों के साथ ही जिले में सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 40 पहुंच गई है। सभी मरीजों को चिकित्सीय निगरानी में होम आइसोलेशन में रहने का निर्देश दिया गया है। दूसरी ओर कोरोना को लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है।
सीएमओ कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारियों को सक्रियता बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। अब रात में भी कंट्रोल रूम के नंबर पर कॉल करने पर मरीज के लिए एंबुलेंस व दवा मुहैया कराई जाएगी। सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने बताया कि मरीजों की कांटैक्ट ट्रेसिंग पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है। बाहर से आने वाले मरीजों की कांटैक्ट हिस्ट्री खंगाली जा रही है। गांव में स्वास्थ्य कार्यकर्ता कोरोना मरीजों की सेहत की हाल जान रहे हैं।