गोंडा। जिले भर में मंगलवार को 10वी मोहर्रम का जुलूस अकीदत के साथ निकाला गया। जुलूस में अकीदतमंदों ने मातम करने के साथ या अली व या हुसैन की सदाएं बुलंद कर अपने गम का इजहार किया। परम्परागत तरीके से जुलूस निकाले गये जिसमें बड़ी तादात में लोगों ने शिरकत की। इसके अलावा जुलूस का लोगों ने जगह जगह पर इस्तकबाल किया जुलूस में शामिल लोगों को तबर्रूकात में शर्बत, पानी, खिचड़ा, जर्दा आदि बांटा। देर शाम तक ताजिये कर्बला में दफनाए गये। शांतिंपूर्ण जुलूस निकाले जाने को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये थे।
मोहर्रम को पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब के नवासे हजरत इमाम हुसैन व उनके 72 जांनिसार साथियों को कर्बला में यजीदी लश्करों की ओर से धोखे में बुलाकर जुल्म ज्यादती करने के साथ उन्हें शहीद कर दिये जाने की याद में मोहर्रम के महीने में मनाया जाता है। इमाम हुसैन की शहादत की याद में अकीदतमंद मोहर्रम माह में 10 दिन तक गमी मनाते हैं। 9वीं मोहर्रम को रात में ताजिये इमाम चौक पर रखे गये। रात भर अकीदतमंदों ने इबादत करने के साथ ताजियों की जियारत की। नगर के मोहल्ला इमामबाड़ा, नौशहरा, मेवातियान, पटेल नगर, महराजगंज व रानीबाजार बडग़ांव में रातभर अकीदतमंदों के ताजियों की जियारत से चहल-पहल रही। मोहर्रम मनाये जाने के बीच सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने डीएम डॉ. नितिन बंसल, एसपी आरके नय्यर व नगर मजिस्टे्ट आरके सिंह पुलिस फोर्स के साथ इमामबाड़ा पहुंचे। यहां जायजा लेने के बाद अधिकारियों ने शहर का भ्रमण किया।
10वीं मोहर्रम को शहर मोहर्रम कमेटी के सदर मेंहदी रजा की अगुवाई में नगर के नौशहरा, मेवातियान व सदर इमामबाड़ा से जुलूस निकाला गया। जुलूस में अकीदतमंदों ने मातम किया और या अली व या हुसैन की सदाएं बुलंद कीं। जुलूस शहर में इकट्ठा होकर इमामबाड़ा होकर, फैजाबाद रोड मुन्नन खां चौराहा होकर कर्बला पहुंचा। नगर के सर्कुलर रोड स्थित कर्बला में ताजिये दफ्नाए गये। लोगों ने कर्बला में ताजिये दफ्नाने के बाद लोगों ने हजरत इमाम हुसैन व अन्य शहीदों के नाम फातिहा पढ़कर उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश किया। इसी तरह से सिविल लाइन मोहर्रम कमेटी की ओर से सैय्यद सलमान वारसी, निजामुद्दीन कादरी, मोहम्मद हनीफ, फारूख अली, लियाकत अली आदि की अगुवाई में जुलूस निकाला गया।
पोर्टरगंज, पुलिस लाइन, घोसियाना, भट्ठा परेड के ताजिये का जुलूस आंबेडकर चौराहा से इनकैन चौराहा होकर महराजगंज होते हुए कर्बला पहुंचा। देर शाम को बड़गांव मोहर्रम कमेटी की ओर से रानीबाजार, घोसियाना, साहब गंज का जुलूस निकाला गया। स्टेशन रोड पर नूरामल मन्दिर होकर बड़गांव पुलिस चौकी से जुलूस कर्बला पहुंचा। जुलूस को शांतिपूर्ण निकाले जाने को लेकर जिला प्रशासन के साथ जिला अपराध निरोधक कमेटी के लोगों ने भी सहयोग किया। 10वीं मोहर्रम का जुलूस ग्रामीण व कस्बाई इलाकों में भी परम्परागत तरीके से निकाला गया। जिले के करनैलगंज, कटरा बाजार, परसपुर, बालपुर, तरबगंज, मनकापुर, बभनजोत, मसकनवा, इटियाथोक, कौड़िया बाजार, आर्य नगर, खरगूपुर, वजीरगंज, नवाबगंज आदि कस्बाई इलाके में भी जुलूस निकाला गया। देर रात तक अलग-अलग कर्बला में ताजिये दफनाए गये।
सम्मानित किए गए अपराध निरोधक कमेटी के सदस्य
कजरी तीज, सातवीं का जुलूस व मोहर्रम जुलूस को संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने तथा शांति स्थापित करने में सहयोग करने वाली अपराध निरोधक कमेटी के सदस्यों को मोहर्रम कमेटी के लोगों ने साफा बांध कर सम्मानित किया। मंडल प्रभारी साबिर खां ने बताया कि कमेटी के सदस्य अधिवक्ता शांति प्रसाद शुक्ल, विजय सिंह, कमेटी के जिलाध्यक्ष शिवकुमार शर्मा, बृजेंद्र कुमार त्रिपाठी सहित करीब 200 सदस्यों ने पूरी भूमिका निभाई। सदस्यों को मोहर्रम कमेटी के मेंहदी हसन, राजू मुखिया ने साफा बांध कर सम्मानित किया।