गोंडा। जनसमुदाय को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से पुनरीक्षित राष्ट्रीय क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्त्रस्म के तहत जिले में गत दिनांक 11 से आगामी 21 अक्तूबर तक सक्रिय टीबी रोगी खोजी अभियान (एसीएफ ) चलाया जा रहा है। लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत आबादी तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए राज्य क्षय रोग विभाग की टीम ने जिले का दो दिवसीय भ्रमण किया। अभियान के पांचवे दिन एकत्र नमूनों में 106 टीबी के नए मरीज मिले हैं।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. मलिक आलमगीर ने बताया कि इस अभियान के तहत जनपद की कुल जनसंख्या की 10 प्रतिशत आबादी 3.80 लाख को कवर करने का लक्ष्य विभाग द्वारा रखा गया है। इसमें स्लम एरिया, दुर्गम क्षेत्र कुपोषित आबादी, सघन आबादी, ईंट-भट्ठा व हाई रिस्क ग्रुप को शामिल किया गया है। शहरी क्षेत्र को छोड़कर सभी ब्लॉकों पर कार्यक्रम चल रहा है। इसके लिए स्वास्थ्य कर्मियों की 150 टीमें बनाई गई हैं। प्रत्येक टीम में तीन-तीन सदस्य हैं। टीमों के कार्यों के सत्यापन के लिए हर पांच टीम पर एक सुपरवाइजर बनाये गये हैं, जिनकी कुल संख्या 30 है।
पांच दिन के अभियान में 2.08 लाख लोगों की स्क्रीनिंग टीमों ने की है। जिसमें कुल 1770 बलगम जांच के लिए एकत्र किये गये। जांच में 106 नये मरीज मिले हैं। 56 मरीजों को दवाएं दी जा रही हैं। राज्य क्षय विभाग से आरटीपीएमयू कंस्लेंटेंट डॉ. आरपी गुप्ता ने जिला कार्यक्रम समन्वयक विवेक सरन, जिला पीपीएम के कोऑर्डिनेटर डॉ. राजेश कुमार श्रीवास्तव श अरविंद कुमार मिश्रा ने जिले का दो दिवसीय भ्रमण किया।