शहर में घटते भूजल स्तर को रिचार्ज करेंगे आसपास के तालाब
गोंडा। शहर में दिनोंदिन भूजल स्तर गिरता जा रहा है। यदि यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में पानी किल्लत की भयावह स्थिति हो सकती है। जिला प्रशासन ने गिरते भूजल स्तर को रोकने के लिए इस बार नई योजना तैयार की है।
जिसके तहत शहर के आसपास के गांवों में तालाब निर्माण कराकर इन तालाबों के माध्यम से भूजल को स्तर को दुबारा रिचार्ज किया जाएगा जिससे गिरता भूजल स्तर रोका जा सका।
शहर में दिनोंदिन घटते जा रहे भू-जल स्तर को रोकने के लिए जिला प्रशासन गंभीर हो गया है। इसे रोकने के लिए अब तक कई योजनाएं बनाई गई लेकिन सब नाकाम रहीं। गिरते भू जल स्तर को रोकने के लिए अब जिला प्रशासन ने रिचार्ज प्लान तैयार किया है।
इस रिचार्ज प्लान के मुताबिक जिला प्रशासन ने शहर के आसपास के गांवों में तालाब निर्माण कराने पर जोर दिया है। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि कि यदि शहर के आसपास के सभी गांवों में तालाबों का निर्माण कराकर उसमें पानी भर दिया जाएगा तो उसका कुछ न कुछ प्रभाव शहर के घटते जल स्तर पर जरूर पड़ेगा।
इसी योजना के तहत शहर के सटे ग्राम पंचायत मोकलपुर में गुरु बाबा थान के दोनों तरफ दो तालाबों का निर्माण कराया जा रहा है। ग्राम प्रधान सुधा चौबे ने बताया कि तालाब निर्माण का 80 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है।
मंगलवार को यहां ग्राम प्रधान सुधा चौबे व प्रधान प्रतिनिधि अभिनव चतुर्वेदी, मनरेगा मजदूर रानी, शिवपता, अन्नू, ननका, सुनील, लल्लू मंशाराम सहित दो दर्जन से अधिक मजदूरों के साथ तालाब खोदाई के कार्य पर जुटे रहे। इसी तरह से शहर से सटे लक्ष्मनपुर गांव मेें भी तालाब का निर्माण कराया जा रहा है।
प्रधान मुकुट बिहारी ने बताया कि करीब साढ़े तीन लाख रुपये की लागत से तालाब बन रहा है जिसके शीघ्र पूरा होने की संभावना है। इसी तरह शहर के आसपास अन्य गांवों में भी तालाब खोदाई होती दिखी।