50 लाख से अधिक के निर्माण कार्यों की होगी तकनीकी जांच: आयुक्त
गोंडा। देवीपाटन मंडल अन्तर्गत पचास लाख से अधिक की लागत वाले सभी निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच कराकर दस दिन में रिपोर्ट दी जाए। सभी कार्यदायी संस्थाएं अपने-अपने कार्यों का रिवाइज इस्टीमेट डीएम के माध्यम से चौबीस घंटे के अन्दर भेज दें अन्यथा कठोर कार्यवाही की जाएगी।
यह चेतावनी देवीपाटन मंडल के आयुक्त एसवीएस रंगाराव ने आयुक्त सभागार में कार्यदायी संस्थाओं की मंडलीय समीक्षा के दौरान अधिकारियों को दी है। कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ बैठक में आयुक्त ने धीमी गति से कार्य कराने वाली कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी है।
उन्होंने निर्देश दिए कि मंडल में जो भी निर्माण कार्य पचास लाख रूपए से अधिक की लागत के हैं उन सब की तकनीकी जांच कराकर रिपोर्ट दी जाए। एसपी आवास बलरामपुर का निर्माण कार्य जो कि वर्ष 2010 में कार्यदायी संस्था कान्सट्रक्शन एण्ड डिजाइन सर्विसेज द्वारा शुरू किया गया था।
उस आवास का निर्माण कार्य आज तक पूरा नहीं हुआ। यह भी संज्ञान में आया कि आवास का फाउंडेशन मानक को दरकिनार करते हुए सड़क से नीचे कर दिया गया है जिससे अभी से जलभराव की स्थिति हो रही है।
आयुक्त ने तत्कालीन परियोजना प्रबंधक कान्सट्रक्शन एण्ड डिजाइन सर्विसेज के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखने के आदेश दिए हैं। गोंडा में सीएण्डडीएस की ओर से निर्माणाधीन आसरा आवासों की जांच रिपोर्ट चौबीस घंटे में उपलब्ध कराने के भी आदेश दिए हैं।
धनावंटन के बावजूद जिला महिला अस्पताल में तीन सौ शैया वाले अस्पताल एवं एडी हेल्थ देवीपाटन मण्डल के कार्यालय का निर्माण कार्य अभी तक पूरा न कराने पर सीएण्डडीएस के परियोजना प्रबंधक को फटकार लगाई है।
जनपद श्रावस्ती में विभिन्न न्यायालयों, न्यायालयों की बाउंड्रीवाल, जीआईसी श्रावस्ती सहित अन्य निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त देवीपाटन मंडल, अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. सतीश कुमार, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।