होटल परिसर में बंधक बना सचिव को दबंगों ने पीटा
गोंडा। साधन सहकारी समिति की सदस्यता सूची में नाम बढ़ाने से मना करने पर पर दबंगों ने शनिवार की दोपहर सचिव को जबरन गाड़ी से उठाकर सिविल लाइंस क्षेत्र में स्थित एक होटल ले गए जहां बंधक बना कर मारापीटा और 24 घंटे में नाम न बढ़ाने पर जान से मार देने की धमकी दी। पीड़ित सचिव ने कोतवाली नगर में दबंगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर के आवास विकास कालोनी निवासी धनराज मिश्र ने बताया कि वह पिपरा पदुम साधन सहकारी समिति में सचिव है। धनराज के मुताबिक उसके पास पडऱीकृपाल किसान सेवा सहकारी समिति का भी अतिरिक्त प्रभार है। धनराज ने बताया कि शनिवार की दोपहर वह झंझरी ब्लॉक कार्यालय पर मौजूद था।
तभी वहां तीन लोग आए और उन लोगों ने उसे बंधक बना लिया और सिविल लाइन स्थित एक होटल में ले आए। यहां दबंगों ने उससे साधन सहकारी समिति पडऱीकृपाल की सदस्यता सूची में नाम बढ़वाना चाहा।
इस पर उसने विधिक रूप से नाम न बढ़ा पाने का कारण बताते हुए असमर्थता जता दी। इस पर दबंगों ने उसे मारापीटा और 24 घंटे में नाम न बढ़ाने पर जान से मार देने की धमकी देते हुए वहां से बाहर धकेल दिया। सचिव धनराज मिश्र ने कोतवाली नगर में तहरीर दी है। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।